किशनगंज में हथियारबंद हमलावरों का तांडव, घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़-कई घायल, दहशत में परिवार

किशनगंज,19फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियारबंद हमलावरों द्वारा एक परिवार पर किए गए हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। डूबानोची पंचायत के वावलागाछ सोनापुर गांव में 16 फरवरी को हुई इस घटना ने ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 
पीड़ित परिवार का आरोप है कि लगभग सौ की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने न केवल घर में घुसकर मारपीट की, बल्कि लूटपाट और भारी तोड़फोड़ भी की। पीड़ित मो. अब्दुल सलाम ने थाना-पोठिया में दिए आवेदन में 18 नामजद सहित करीब 50 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया है।
आवेदन के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे आरोपी हरवे-हथियार से लैस होकर उनके घर पहुंचे और उनके बेटे मो. अब्दुल करीम से कथित रंगदारी विवाद को लेकर बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
बेरहमी से हमला, खून से लथपथ हुआ युवक
परिजनों के अनुसार हमलावरों ने अब्दुल करीम को पकड़कर लाठी, रॉड और तेजधार हथियारों से हमला किया। गले और पैर पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।
लूटपाट और भारी तोड़फोड़ का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में जमकर उत्पात मचाया। नकद करीब दो लाख रुपये, लगभग तीन भरी सोने के आभूषण और 20 भरी चांदी के जेवर लूट लिए गए। इसके अलावा घर परिसर में खड़ी पांच मोटरसाइकिल, तीन चारपहिया वाहन और दो ट्रकों में भी तोड़फोड़ की गई। आरोप यह भी है कि कुछ हमलावर मवेशियों को खोलकर अपने साथ ले गए।
दहशत में परिवार, बाजार जाने से भी डर


परिवार का कहना है कि जाते-जाते हमलावरों ने थाना जाने या बाजार में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों के मुताबिक, उनका मुख्य बाजार सोनापुर है, लेकिन डर के कारण अब वे घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना



पीड़ित ने दावा किया है कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जो जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पहले पोठिया अस्पताल तथा बाद में सदर अस्पताल, किशनगंज रेफर किया गया। थाना-पोठिया पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि स्थानीय लोग क्षेत्र में (पुलिस पिकेट) सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।



