प्रमुख खबरें

माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एग्रीस्टैक महाअभियान के तहत 10 लाख से अधिक किसानों का पंजीकरण बिहार सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद। यह सफलता दोनों विभागों के समन्वय, जिला प्रशासन की सक्रियता और फील्ड स्तर पर तैनात सभी कर्मियों के समर्पित प्रयासों का नतीजा है। यूनिक किसान आईडी के माध्यम से किसानों को पीएम किसान सहित सभी सरकारी योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध लाभ मिलेगा। इससे हमारे किसान बंधु समृद्ध बनेंगे। हमारा लक्ष्य है कि अभियान की निर्धारित अवधि में राज्य के प्रत्येक पात्र किसान को डिजिटल रूप से सशक्त किया जाए और राज्य इस दिशा में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करे। इसी उद्देश्य से महाअभियान की तारीख को विस्तारित करने का निर्देश दिया गया है।

एग्रीस्टैक महाअभियान में राज्य की बड़ी उपलब्धि

10 लाख किसान रजिस्ट्री का आंकड़ा पार, एक दिन में 42 प्रतिशत की वृद्धि

पटना : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित किसान रजिस्ट्री (AgriStack) महाअभियान के अंतर्गत राज्य ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 09 जनवरी 2026 को रात्रि 08:00 बजे तक राज्य में कुल 10,41,341 किसानों का रजिस्ट्रेशन पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही राज्य ने 10 लाख किसान रजिस्ट्री का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सीके अनिल ने बताया कि 09 जनवरी को 2,68,500 के दैनिक लक्ष्य के विरुद्ध 1,86,073 किसानों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्य में 69.30 प्रतिशत तक की उपलब्धि मिली है। यह उपलब्धि अभियान के मिशन मोड में संचालन एवं प्रभावी प्रशासनिक मॉनिटरिंग का परिणाम है। इसकी रफ्तार और तेज करने तथा सभी किसानों को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इसको 21 जनवरी तक विस्तारित किया गया है।

प्रशासनिक सक्रियता से तेज हुई रफ्तार

ट्रेंड विश्लेषण के अनुसार, 08 जनवरी 2026 को रात्रि 08:00 बजे तक 1,30,489 किसानों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, जबकि
09 जनवरी 2026 को रात्रि 08:00 बजे तक यह संख्या बढ़कर 1,86,073 हो गई।
इस प्रकार एक ही दिन में लगभग 42 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि 09 जनवरी को सुबह 09:00 बजे तक उपलब्धि मात्र 2.78 प्रतिशत थी। इसकी निरंतर समीक्षा, जिला स्तरीय निगरानी एवं फील्ड स्तर पर तैनात वरीय राजस्व अधिकारियों की मॉनिटरिंग के चलते शाम 08:00 बजे तक यह बढ़कर 69.30 प्रतिशत तक पहुंच गई।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले

अभियान के दौरान कई जिलों ने लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल कर बेस्ट प्रैक्टिस मॉडल प्रस्तुत किया है। मुजफ्फरपुर (138.51%) और वैशाली (137.16%) ने लगातार दूसरे दिन भी 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि प्राप्त की। इसके अतिरिक्त अररिया (127.58%), भागलपुर (120.98%) तथा कटिहार (108.13%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

सुधारशील एवं अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन वाले जिले

मधुबनी, बेगूसराय, समस्तीपुर, सिवान, सारण एवं कैमूर जैसे जिले 40 से 70 प्रतिशत उपलब्धि के दायरे में हैं। विभागीय स्तर पर आकलन किया गया है कि हल्का कर्मचारी, सीएससी एवं डीईओ के बेहतर समन्वय से इन जिलों को शीघ्र ग्रीन जोन में लाया जा सकता है।
वहीं पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, पटना, लखीसराय एवं मुंगेर जैसे जिलों में राज्य औसत से कम उपलब्धि दर्ज की गई है। विशेष रूप से बड़े लक्ष्य वाले जिलों में प्रगति तेज करने के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

e-KYC और फॉर्मर रजिस्ट्रेशन के बीच अंतर

09 जनवरी को सुबह 11:30 बजे तक 66,834 किसानों का e-KYC किया गया, जबकि 29,735 फॉर्मर रजिस्ट्रेशन ही हो सका, जो लगभग 44 प्रतिशत कन्वर्ज़न को दर्शाता है। इस अंतर को कम करने के लिए फील्ड स्तर पर तकनीकी सहायता, जागरूकता एवं मार्गदर्शन को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

प्रधान सचिव श्री अनिल के अनुसार, एग्रीस्टैक महाअभियान राज्य के किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक निर्णायक पहल है। 10 लाख किसान रजिस्ट्री का आंकड़ा पार होना इस बात का प्रमाण है कि सुनियोजित रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और जिला प्रशासन की सक्रियता से राज्य आने वाले दिनों में शत-प्रतिशत लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर होगा। इस उपलब्धि को हासिल करने के उद्देश्य से इस महाअभियान को 21 जनवरी तक विस्तारित कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!