किशनगंज में हीरो एशिया कप 2025 ट्रॉफी गौरव यात्रा का भव्य आयोजन
डीएम विशाल राज एवं एसपी सागर कुमार ने किया ट्रॉफी का स्वागत

किशनगंज,24अगस्त(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
रविवार को हीरो एशिया कप 2025 ट्रॉफी गौरव यात्रा का भव्य आयोजन किशनगंज में किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक सागर कुमार की उपस्थिति में ट्रॉफी का गरिमापूर्ण स्वागत हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर के खेल प्रेमियों, छात्र-छात्राओं, स्थानीय खिलाड़ियों और अधिकारियों की भारी भागीदारी देखने को मिली।
दीप प्रज्वलन एवं स्वागत नृत्य से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और रंगारंग स्वागत नृत्य के साथ हुई। विभिन्न विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं एवं सांस्कृतिक दलों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
हॉकी : देश का गौरव, युवाओं की प्रेरणा
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हॉकी भारत का गौरवशाली खेल है, जिसने देश को अनेक बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान दिलाया है। हीरो एशिया कप 2025 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली की ओर प्रेरित करने का एक माध्यम है।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि इस ट्रॉफी गौरव यात्रा से किशनगंज के खिलाड़ियों में निश्चित रूप से नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा।
युवाओं में अपार प्रतिभा, आगे बढ़ने की प्रेरणा
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने कहा कि किशनगंज के युवाओं में खेल के प्रति अपार प्रतिभा और जुनून है। ऐसे आयोजनों से उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। जिला प्रशासन लगातार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है।
भारी जनभागीदारी
इस आयोजन में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा एवं खेल विभाग के पदाधिकारी, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधि, और सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। ट्रॉफी गौरव यात्रा ने शहर को खेल के रंग में रंग दिया।