हीरो एशिया कप-2025 की ट्रॉफी गौरव यात्रा पहुंची अररिया
डीएम अनिल कुमार और एसपी अंजनी कुमार ने किया भव्य स्वागत

अररिया,24अगस्त(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कैय्युम, मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 की ट्रॉफी गौरव यात्रा रविवार को पूरे सम्मान और भव्यता के साथ अररिया पहुंची। खेल भवन सह व्यायामशाला, अररिया में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनिल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने ट्रॉफी का स्वागत करते हुए इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बना दिया।
खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों की उत्साही भागीदारी ने माहौल को खेलोत्सव में बदल दिया। लोगों ने गर्व जताया कि बिहार पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मेन्स हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है।
राज्य के सभी 38 जिलों में हो रहा ट्रॉफी का प्रदर्शन
ट्रॉफी गौरव यात्रा, खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त देखरेख में चल रही है। इस अभियान के तहत राज्य के सभी 38 जिलों में ट्रॉफी का सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाएगा।
डीएम ने कहा – यह बिहार के लिए गौरव का क्षण
इस मौके पर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने कहा, “हॉकी एशिया कप की ट्रॉफी का प्रदर्शन बिहार के युवाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा। उम्मीद है कि यहां के युवा भी खेलों में आगे बढ़कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।”
उन्होंने कहा कि यह यात्रा खेलों के प्रति युवाओं में रुचि और जागरूकता बढ़ाने का एक अनूठा प्रयास है। यह आयोजन बिहार को खेलों के नए युग की ओर ले जा रहा है।
राजगीर में होगा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला
गौरतलब है कि मेन्स हॉकी हीरो एशिया कप-2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर (नालंदा) स्थित राज्य खेल अकादमी में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 08 देशों – भारत, चीन, चीनी ताइपे, जापान, कोरिया, मलेशिया, कज़ाख़िस्तान और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी।
कार्यक्रम में रही अधिकारी और खेलप्रेमियों की उपस्थिति
इस अवसर पर वरिष्ठ उप समाहर्ता सह जिला खेल पदाधिकारी अरविन्द कुमार, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग दिलीप कुमार, अन्य पदाधिकारी, गौरव यात्रा के साथ आए दल के सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को बिहार के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया।