ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

*जीकेसी ने दिया दाउदनगर संगठन को मान्यता*

जितेन्द्र कुमार सिन्हा ::औरंगाबाद जिले के दाउदनगर के संगठन को अंतरराष्ट्रीय संगठन  ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) से मान्यता प्रदान की गई ।  प्रान्तीय-राष्ट्रीय स्तर पर दाउदनगर के कायस्थ संगठन को  अग्रणी बनाने  का भी संकल्प लिया गया । इस आशय की जानकारी जीकेसी प्रवक्ता कमल किशोर ने दी।

उन्होंने बताया कि 27 फरवरी  (रविवार) को दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय में अमित सिन्हा के आवास पर कायस्थ समाज की एक बैठक आहूत कर यह निर्णय लिया गया कि दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय में चित्रगुप्त सभागार का निर्माण कराया जाएगा और कायस्थों के शैक्षणिक, आर्थिक और सांस्कृतिक प्रगति के लिए अपेक्षित कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि कायस्थों को आज की राजनीतिक में  नजर अंदाज किया जा रहा है और रोजगार के अवसरों में भी उनके हितों की उपेक्षा की जा रही है, जबकि देश की आजादी की लड़ाई के साथ-साथ प्रशासनिक एवं संवैधानिक व्यवस्था को सुदृढ बनाए रखने में कायस्थों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 

कमल किशोर ने कहा कि आज कायस्थों को एकजुट होकर राजनीतिक, सामाजिक , शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक रूप से पूर्व की तुलना में ज्यादा समृद्ध होने की आवश्यकता है। हमें अपने हक और अधिकार को लड़कर हासिल करना होगा, क्योंकि आज सबसे बुद्धिजीवी तथा शैक्षणिक रूप से समृद्ध कायस्थ जाति के लोगों को उनके हक एवं अधिकार से वंचित करने की साजिश रची जा रही है ।

उन्होंने कहा कि जीकेसी (ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस) देश के सभी राज्यों में कायस्थ जाति के गौरवशाली अतीत को हासिल करने के साथ-साथ राजनीति, रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भागीदारी तथा हिस्सेदारी प्राप्त करने के लिए ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद के नेतृत्व में पुरजोर प्रयास कर रहा है । इसी क्रम में दाउदनगर में चित्रगुप्त सभागार के निर्माण के लिए हर संभव मिलकर प्रयास करने की बात कही जिसका बैठक में पुरजोर समर्थन किया गया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों को शिक्षा, रोजगार और समाज की लड़कियों की शादी में हर संभव सहयोग करने की बात कही।

बैठक में दाउदनगर अनुमंडल में कायस्थ समाज की महिलाओं के संगठन की शुरुआत करने और उसे सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में औरंगाबाद से भाग लेने आये जीकेसी के महासचिव अजय कुमार वर्मा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव राजू रंजन सिन्हा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव राजेश  कुमार सिन्हा के अतिरिक्त हरिओम श्रीवास्तव, दिनेश चन्द्र सिन्हा ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता रोशन सिन्हा  ने की।  

उन्होंने बताया कि बैठक में  दाउदनगर अनुमंडल कायस्थ समाज के पदाधिकारियों का चयन किया गया जिसमें बबलू श्रीवास्तव को अध्यक्ष, अंजनी कुमार सिन्हा को उपाध्यक्ष,  हरिओम श्रीवास्तव को सचिव,  अमित कुमार सिन्हा को सह सचिव, दीपक कुमार सिन्हा को कोषाध्यक्ष, डॉ सुनीता कुमारी को मीडिया प्रभारी,अरुण कुमार श्रीवास्तव को प्रखंड सलाहकार, बनाए गये हैं। 

बैठक में सेवानिवृत्त प्राचार्य  दिनेश चंद्र सिन्हा, पवन सिन्हा, अनिल सिन्हा, अरुण कुमार सिन्हा, अखौरी उदय कुमार, सूरज मोहन सिन्हा, सुनील सिन्हा, विनय कुमार सिन्हा, विजय कुमार बरियार, राजकुमार सिन्हा, अशोक कुमार दास एवं शत्रुघ्न सिन्हा को मार्गदर्शक मंडल के सदस्य बनाया गया है। 

                     ——-

 

Related Articles

Back to top button