02 नवम्बर को भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली की तैयारी में जुट जाये
बीकेएमयू के राष्ट्रीय सम्मेलन में पूरे देश से जुटेंगे एक हजार प्रतिनिधि।..
कुणाल कुमार:- बिहार राज्य खेत मजदूर यूनियन बिहार राज्य परिषद की बैठक शनिवार को जनशक्ति भवन, पटना में हुई। बैठक में 02 से 05 नवम्बर 2023 तक पटना में आयोजित भारतीय खेत मजदूर यूनियन(बीकेएमयू) के 15वें राष्ट्रीय सम्मेलन और भाकपा द्वारा दो नवम्बर को पटना के गांधी मैदान में आयोजित भाजपा हटाओ देश बचाओ रैली की तैयारी की चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक सूर्यकांत पासवान ने की। बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने दो नवम्बर को आयोजित रैली की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। रैली की तैयारी को लेकर शाखा, अंचल और जिला स्तर पर बैठक कर रणनीति बनाई जाये। उन्होंने कहा कि भारतीय खेत मजदूर यूनियन का 15 वां राष्ट्रीय सम्मेलन दो से पांच नबम्बर तक पटना में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में पूरे देश के चुने गए एक हजार से अधिक प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।इसकी तैयारी भी करनी है। सम्मेलन की तैयारी को लेकर गांव गांव गांव बैठकों का दौर शुरू किया जाये। उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बिहार में भूमि संघर्ष तेज करेगी, राज्य सरकार सभी भूमिहीनों को पांच डिसमल जमीन दे। अगर गांव में सरकारी जमीन नहीं है तो खरीद कर दें। उन्होंने बिहार सरकार से भूमि सुधार के लिए गठित डी बंदोपाध्याय आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग की। समाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि प्रति महीने पांच हजार करने, मनरेगा की मजदूरी छः सौ रूपये करने, मनरेगा के तहत दो सौ दिन रोजगार उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि पांच लाख करने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना बंद करने के साजिश के खिलाफ आदि मांगो को लेकर जनसंघर्ष तेज किया जायेगा। केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश बजट में खेत मजदूरों के लिए कोई प्रवधान नहीं किया गया है। मोदी सरकार ने सबसे ज्यादा उपेक्षा खेत मजदूरों की है। मनरेगा के बजट में भारी कटौती की गई है। सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े व महिला ही खेत मजदूर हैं। यह तबका उपेक्षित हैं। मोदी सरकार की विनाशकारी आर्थिक नीतियों से खेत मजदूर तबाह हैं। मंहगाई आसमान छू रही है। गरीबों को दो जून की रोटी नहीं मिल रही है। यूनियन के राज्य महासचिव जानकी पासवान ने कार्य रिपोर्ट पेश किया। उन्होंने कहा कि दो नवंबर की रैली ऐतिहासिक होगी। रैली में अधिक से अधिक खेत मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित करनी है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा बिहार जो ठान लेता है। उसे पूरा करता है। इसलिए सभी साथियों को रैली और राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारी में जुट जाना है। बैठक को उप महासचिव पुनित मुखिया, प्रमोद शर्मा, सुधीर कुमार, सत्येंद्र सिंह, अनिल कुमार, रामाकान्त अकेला, अर्जुन राम, रामपुकार मुखिया, रामनारायण यादव आदि ने संबोधित किया।