पूर्णियां में 250 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर विशेष अभियान में बड़ी सफलता

पूर्णियां,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत के आदेशानुसार मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चंपानगर थाना पुलिस ने 250 ग्राम स्मैक के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दीपक कुमार मेहता अपने सहयोगियों के माध्यम से पश्चिम बंगाल से स्मैक की बड़ी खेप मंगवाकर पूर्णियां जिले के विभिन्न बाजारों में बिक्री कराता है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने 20 जनवरी को छापामारी कर 250 ग्राम स्मैक के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार मेहता (सा० मसुरिया, वार्ड 15, थाना सरसी), तबरेज (सा० बड़ी ईदगाह, वार्ड 11, थाना अमौर), छोटु मंडल (सा० वार्ड 12, थाना चंपानगर) तथा मो० नाजीर (सा० बुढ़िया रहमतपुर, वार्ड 9, थाना सरसी) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान चारों अभियुक्तों ने मिलकर स्मैक/ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने इनके पास से 250 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त मो० नाजीर का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध सरसी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में चंपानगर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अनुपम राज, स०अ०नि० रणवीर सिंह, तकनीकी शाखा पूर्णियां के कर्मी तथा सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।



