अपराधझारखंडरांची

राहुल सिंह गिरोह का मुख्य सदस्य समेत पांच अपराधी चढ़े पुलिस के हत्थे, दशहत फैलाने के लिए की थी बीआईटी के टोयोटा शोरूम के पास फायरिंग…

रांची//राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा इलाके में बीते चार फरवरी की शाम हुई हवाई फायरिंग की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में राहुल सिंह गिरोह से जुड़े मुख्य आरोपी समेत कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो आगे कोई बड़ी वारदात भी हो सकती थी। गिरफ्तार आरोपियों में अमन कुमार ठाकुर उर्फ छोटू (मुख्य आरोपी), करन कुमार उरांव, विशाल मुण्डा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार शामिल हैं। इनके पास से एक पिस्टल, दो जिन्दा गोली,बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है। इस दौरान सदर डीएसपी संजीव बेसरा एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

टोयोटा शोरूम के पास दहशत फैलाने के लिए की गई थी फायरिंग…

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में मीडिया को बताया कि घटना चार फरवरी की शाम की है। बीआईटी मेसरा के पास टोयोटा शोरूम के नजदीक अचानक हवाई फायरिंग हुई। उस वक्त सड़क पर आवाजाही थी और गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दशहत में लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन मकसद साफ था, दहशत फैलाना। इस मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 49/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस शुरू से ही इसे गंभीरता से ले रही थी।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई…

17 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि इस वारदात का मुख्य आरोपी कोकर के सुंदर विहार इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख में और सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा एवं सदर थाना पभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। जिसके बाद टीम ने छापेमारी कर 20 साल के अमन कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। अमन ओरमांझी थाना क्षेत्र के पाचा गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

घर में छिपाकर रखे थे हथियार और बाइक…

अमन की निशानदेही पर पुलिस ने उसके गांव पाचा स्थित घर में छापा मारा। वहां से एक पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और एक नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसे पहचान छिपाने के लिए काले रंग से पेंट किया गया था। इसके अलावा छह मोबाइल फोन, हेलमेट, वारदात के समय पहने गए कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए। पुलिस को शक है कि वारदात के बाद सबूत मिटाने की तैयारी भी की जा रही थी।

बाकी चार आरोपी भी दबोचे गए…

अमन की निशानदेही पर पुलिस ने करन कुमार उरांव, विशाल मुण्डा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक ये सभी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और गिरोह के लिए काम करते थे।

पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले…

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमन कुमार ठाकुर और करन कुमार उरांव के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे मामलों में केस दर्ज हैं। करन के खिलाफ रांची और आसपास के थानों में कई आपराधिक मामले चल रहे हैं। सेंटू सिंह के खिलाफ भी पहले आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फायरिंग के पीछे अपराधियों का क्या मकसद था।

छापामारी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी… 

इस पूरे ऑपरेशन में रांची के सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास, तकनीकी शाखा की टीम और कई पुलिसकर्मियों ने मिलकर काम किया। बता दे कि लगातार निगरानी और तकनीकी इनपुट के सहारे आरोपियों तक पहुंचा गया। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापामारी जारी है।आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान क्या कहा सिटी एसपी पारस राणा ने… (देखे वीडियो)

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!