ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

कोरोना संक्रमण से मरने वाले पत्रकारों के परिवार को मिलेंगे 5-5 लाख रुपए

जितेन्द्र कुमार सिन्हा-भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्री के दिशा निर्देश में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और पत्र सूचना कार्यालय ने स्वत: संज्ञान लेते हुए वर्ष 2020 और वर्ष 2021 में कोरोना संक्रमण से अपनी जान गंवाने वाले पत्रकारों के विवरणों को संकलित कर उनके परिवार को पत्रकार कल्याण योजना के तहत 5-5 लाख रुपये सहायता प्रदान करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है।

सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण योजना समिति के एक प्रस्ताव को मंजूरी दी है जिसके तहत कोविड-19 के कारण मृत्यु होने वाले 26 पत्रकारों के प्रत्येक परिवार को 5 -5 लाख रुपये की वित्तीय राहत प्रदान की जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2020-21 में केंद्र सरकार ने कोविड के कारण अपनी जान गंवाने वाले पत्रकारों के 41 परिवारों को इस तरह की सहायता प्रदान की है। इस तरह से पत्रकारों के कुल 67 परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने की मंजूरी दी है। समिति ने कोविड के कारण अपनी जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की है।

पत्र सूचना कार्यालय ने सक्रियतापूर्वक ऐसे कई पत्रकारों के परिवारों से संपर्क किया है जिनका निधन कोविड संक्रमण के कारण हुआ है और इस योजना एवं दावा संबंधी आवेदन दाखिल करने के बारे में इन परिवारों का मार्गदर्शन भी किया है।

समिति ने प्रत्येक सप्‍ताह पत्रकार कल्याण योजना की बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया है, ताकि पत्रकार कल्याण योजना के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाले आवेदनों को त्‍वरित मंजूरी दी जा सके।

पत्रकार कल्याण योजना समिति ने बैठक में पत्रकारों के 11 परिवारों के आवेदनों पर भी विचार किया जिनका निधन कोविड-19 के अलावा अन्य कारणों से हुआ था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!