झारखंडताजा खबरप्रमुख खबरेंराज्य

झारखंड में पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण का काम शुरू

एक सप्ताह बाद घर-घर पहुंचेगी टीम, चल रहा प्रशिक्षण


रांची : राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण के तहत झारखंड में घर घर लोगों के स्वास्थ्य के आंकड़े इकट्ठा करने का काम शुरू हो गया है। इसके लिए रांची में मैपिंग और लिस्टिंग के सर्वेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एक सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद टीम घर-घर जाकर परिवारों के स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं का सर्वेक्षण करेगी। उद्घाटन अवसर पर स्वास्थ्य विभाग झारखंड सरकार की आइईसी समन्वयक डा. नीलम कुमार मिश्रा ने इस मौके पर कहा कि सर्वेक्षण कई मायने में महत्वपूर्ण है। लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए।

झारखंड चैप्टर के प्रमुख विशेषज्ञों डा. आलोक वात्स्यायन, जेके दुबे, उदय सागर मिश्र, प्रकाश मिश्र आदि ने लोगों को सर्वेक्षण की बारीकियों से अवगत कराया। सर्वेक्षण के झारखंड समन्वयक जेके दुबे ने कहा कि मैपिंग और लिस्टिंग किसी भी सर्वे का आधार है। इसी पर आगे के मुख्य सर्वे व अन्य चरणों के विश्लेषण के कार्य निर्भर होते हैं। इसलिए इसे सभी ठीक से करें। बता दें कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण का लक्ष्य भारत में स्वास्थ्य, पोषण और जनसंख्या संकेतकों पर विश्वसनीय डेटा इकट्ठा करना है। इसके तहत राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर प्रजनन, शिशु और बाल मृत्यु दर, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया, परिवार नियोजन तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य का डेटा तैयार किया जाता है। लोगों के स्वास्थ्य से संबंधित ये आंकड़े सरकार को योजनाएं बनाने और स्वास्थ्य अभियान चलाने में सहायक होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button