किशनगंज : समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठाकुरगंज में किया जनसंवाद, 235 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

किशनगंज,11मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड स्थित कृषि मैदान सभास्थल में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन पर ठाकुरगंज में मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समृद्धि यात्रा का उद्देश्य राज्य में चल रही विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में राज्य सरकार ने सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक काम किया है। बिहार में डेढ़ लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया है तथा अधिकांश घरों तक बिजली पहुंचाई गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को आत्मनिर्भर बनाना है। कृषि रोडमैप के तहत खेती, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे और एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
सीएम ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि खासकर लड़कियों की शिक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से 45 हजार नए पदों पर बहाली की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान किशनगंज जिले के लिए 122 विकास योजनाओं की मंजूरी दी गई। इनमें 73 योजनाओं का शिलान्यास और 49 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। इन योजनाओं पर 235 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। योजनाओं में सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति और अन्य आधारभूत विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने ठाकुरगंज में पावर ग्रिड का उद्घाटन भी किया।उन्होंने कहा कि इसके चालू होने से क्षेत्र के लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध होगी और वोल्टेज की समस्या भी दूर होगी। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य में 50 लाख घरों की छतों पर सोलर लगाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और गरीबों को बड़ी संख्या में लाभ पहुंचाया गया है।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। उनका कार्यक्रम करीब दो घंटे से अधिक समय तक चला। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



