भाजपा-जदयू जातीय जनगणना पर फैला रही है भ्रम: राजेश राठौड़

उमेश कुमार कमलिया बिहार प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कमेटी के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बिहार प्रदेश भाजपा से जातीय जनगणना के मुद्दे पर अपना स्टैंड क्लियर करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष के साथ शिष्टमंडल में प्रदेश भाजपा के प्रतिनिधि भी जातिगत जनगणना के मुद्दे पर प्रधानमंत्री से मिलने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। लेकिन बिहार प्रदेश भाजपा अब तक जातीय जनगणना के मुद्दे पर अपना स्टैंड स्पष्ट नहीं कर सकी है। इस मुद्दे पर जहां पूरा महागठबंधन तथा सत्ताधारी गठबंधन में जनता दल यूनाइटेड एक राय रखती है, वहीं भाजपा अभी भ्रम की स्थिति को बरकरार रखे हुए हैं। भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक दल के नेता के स्थान पर मंत्री, प्रतिनिधिमंडल में शामिल होकर जा रहे हैं। जबकि प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेता जातीय जनगणना के मुद्दे पर जदयू तथा राजद-कांग्रेस से अलग अपनी राय का इजहार कर चुके हैं। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल या उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को प्रदेश भाजपा का स्टैंड क्लियर करना चाहिए।
बिहार कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहे तो जातीय जनगणना की मांग को तत्काल स्वीकार कर लेंगे। मगर वे ऐसा करने नहीं जा रहे हैं। जब प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री दोनों जातीय जनगणना को समर्थन नहीं दे रहे हैं तो बिहार प्रदेश भाजपा इस मुद्दे पर जो नौटंकी कर रही है वह पूरा प्रदेश देख रहा है।