*जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत अतिक्रमणमुक्त सरकारी भूमि पर पौधारोपण एवं जल संरक्षण पर दें विशेष बल : डॉ. प्रेम कुमार*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद /बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जल-जीवन-हरियाली अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के वरीय पदाधिकारियों ने अभियान के क्रियान्वयन एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2019 से 15 विभागों के समन्वय से संचालित इस अभियान के अंतर्गत दस घटकों में कार्य किए जा रहे हैं। इनमें सरकारी तालाबों, पोखरों एवं कुओं को अतिक्रमणमुक्त कर उनका जीर्णोद्धार, आहर-पइन का पुनर्जीवन, चापाकलों एवं कुंओं के समीप सोख्ता निर्माण, चेक डैम व अन्य जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, नए खेत-पोखरों का निर्माण तथा वर्षा जल संचयन एवं पौधारोपण सहित जल संरक्षण आधारित गतिविधियाँ शामिल हैं। विभागीय पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। गया, नवादा एवं राजगीर के जिन क्षेत्रों में पहले जल संकट के कारण चापाकल सूख जाते थे, वहाँ भू-जलस्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान का नियमित अनुश्रवण किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निधि उपलब्ध कराई जा रही है।
माननीय अध्यक्ष ने अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपेक्षित लक्ष्य की तुलना में अभी लगभग 75 प्रतिशत प्रगति हुई है। उन्होंने शेष कार्यों में तेज़ी लाने तथा सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर वहाँ व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने पर बल दिया। उन्होंने गया ज़िले में पहाड़ की तलहटी एवं नदी किनारे उपलब्ध खाली सरकारी भूमि पर पौधारोपण कराने का सुझाव दिया, ताकि अतिक्रमण पर रोक लगने के साथ ही पर्यावरण एवं स्थानीय परिवेश में भी सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी जताई। विभागीय पदाधिकारियों ने बताया कि पौधों के रखरखाव की अवधि पाँच वर्ष निर्धारित है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, भू-जल संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयं गया ज़िले के ऐसे प्रखंड का स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही, जहाँ अभियान के सभी घटकों पर एकीकृत रूप से कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि धरातल पर कार्यों की समीक्षा से उनकी गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता का आकलन करने के साथ-साथ क्रियान्वयन में और तेज़ी लाई जा सकेगी।

