किशनगंज : कार्य संस्कृति सुधार को लेकर डीएम की सख्ती, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

किशनगंज,24मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कार्य संस्कृति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कर्मियों की कर्म पुस्तिका संधारण, संचिकाओं का निर्गमन एवं प्रस्तुतीकरण, बायोमेट्रिक उपस्थिति, नीलाम पत्रवाद, न्यायालय वाद, आपदा राहत, एसी-डीसी विपत्र, लोक शिकायत, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सूचना का अधिकार, लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग, सीपी ग्राम, सीएम डैशबोर्ड, सीएम जनता दरबार, सेवांत लाभ सहित अन्य लंबित मामलों की प्रगति पर चर्चा की गई।
डीएम ने वर्ष 2000 व 2001 से लंबित मामलों पर विशेष नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खासकर किशनगंज एवं कोचाधामन अंचल में लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया। आवश्यक होने पर बॉडी वारंट निर्गत करने का भी निर्देश दिया गया।
सेवांत लाभ मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि अगले छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले चौकीदारों का विवरण तैयार कर समयबद्ध तरीके से उन्हें लाभ उपलब्ध कराया जाए। वहीं, फॉरेस्ट विभाग, विभिन्न थाना एवं अन्य विभागों को आवंटित भूमि का विस्तृत विवरण संकलित कर नजरिया नक्शा तैयार करने का निर्देश दिया गया।
इस संबंध में तैयार प्रतिवेदन के अवलोकन हेतु अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम अमरेंद्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



