District Adminstrationकिशनगंजब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : ‘दक्ष’ वार्षिक खेल कार्यक्रम, 2022-23 का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निर्देश।

16 खेल प्रतियोगिता का आयोजन का निर्देश।किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, डीएम श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में ‘दक्ष’ वार्षिक खेल कार्यक्रम, 2022-23 के आयोजन हेतु जिला-स्तरीय आयोजन समिति की बैठक हुई। रंजीत कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, के द्वारा बताया गया कि इसका आयोजन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में किया जा रहा है। इस वर्ष 27 खेल विधाओं की प्रतियोगिता का आयोजन प्रखण्ड, जिला, अन्तर्जिला (प्रमंडल-स्तर) तथा अन्तर्प्रमंडल (राज्य-स्तर) पर किया जा रहा है। ये सभी खेल विधा भारतीय ओलम्पिक समिति, खेल मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त भारतीय खेल संघों के द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों में शामिल है।

27 खेल विधाओं का नाम निम्नवत् है :

एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिन्टन, कुश्ती, क्रिकेट, भारोतोलन, ताईक्वाण्डो, वुशू, जुडो, कराटे, तलवारबाजी, तीरंदाजी, लॉन टेनिस, टेबुल टेनिस, तैराकी, शतरंज, बॉल बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, हैण्डबॉल, बास्केटबॉल, रग्बी, शूटिंग एवं योगा।

इसमें सात अनिवार्य खेल विधा है :

एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिन्टन एवं कुश्ती। हर प्रखण्ड में इन सात विधाओं में प्रतियोगिता का आयोजन कराना अनिवार्य है। इन 27 खेलों में अंडर 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका भाग ले सकते हैं। आयु की गणना दिनांक 31.12.2022 के आधार पर की जाएगी। छात्र एवं छात्रा वर्ग छः एवं इससे ऊपर में अध्ययनरत होना चाहिए। जन्म प्रमाण-पत्र के लिए नगर निगम/विद्यालय के प्राचार्य/आधार कार्ड में अंकित जन्म तिथि को मान्यता दी जाएगी। प्रखण्ड-स्तरीय चयन समिति द्वारा चयनित खिलाड़ियों का चिकित्सीय जाँच आवश्यक है। बैठक में खेल मार्गदर्शिका के अनुरूप अधिकतम 16 खेल की प्रतियोगिता आयोजन करने हेतु जिला में संभावित/प्रचलित 16 खेल का निम्न प्रकार चयन किया गया-सात अनिवार्य खेल विधा एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिन्टन एवं कुश्ती समेत क्रिकेट, ताईक्वाण्डो,जुडो, कराटे, तीरंदाजी, टेबुल टेनिस, तैराकी, शतरंज एवं योगा। प्रखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन हेतु सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों की बैठक भी की गई। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी व्यक्तिगत जिमेदारी के साथ प्रतियोगिता कराएंगे। प्रखण्ड-स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन हेतु 15 दिसम्बर से 25 दिसम्बर, 2022 तक की तिथि निर्धारित की गई। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रखण्ड-स्तरीय खेल होना है। डीएम के द्वारा सभी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारियों को इनमें से किसी तीन दिन में अचूक रूप से चिन्ह्ति स्थलों पर प्रखण्ड-स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। प्रखण्ड-स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विद्यालय खेल की विधाएँ विभिन्न स्थल पर एक साथ आयोजित की जाएंगी। बैठक में उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा रंजीत कुमार ने बताया कि प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी सभी सरकारी विद्यालयों/सीबीएसई एवं आईसीएसई से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को सूचित करेंगे ताकि खेल प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों की अनिवार्य प्रतिभागिता सुनिश्चित की जा सके। केन्द्रीय विद्यालय संगठन एवं नवोदय विद्यालय संगठन के छात्र-छात्रा विद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकेंगे। प्रतिभागियों को विहित प्रपत्र में योग्यता प्रमाण-पत्र विद्यालय प्रधानाध्यापक द्वारा अग्रसारण पत्र के साथ प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में जमा करना होगा। प्रखण्ड-स्तरीय प्रतियोगिता हेतु कम-से-कम पाँच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य है। जिला शिक्षा पदाधिकारी आवश्यक समन्यक कराएंगे। दक्ष जिला-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 04 जनवरी, 2023 से 07 जनवरी, 2023 तक किया जाएगा। तिथि का निर्धारण नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 को ध्यान में रखते हुए किया गया है। जिला-स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम आदि स्थलों पर किया जाएगा। डीएम द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रखण्ड-स्तरीय चयनित खिलाड़ियों/टीम की सूची प्रतिहस्ताक्षरित कर निबंधन हेतु जिला खेल कार्यालय, पटना को ससमय उपलब्ध कराएंगे। सभी सदस्य सचिव आयोजन समिति को मेडल, पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, प्रतियोगिता स्थल पर शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था के साथ ही जीवन रक्षक दवाओं सहित प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ पेन स्प्रे, आईस क्यूब, आईस बॉक्स आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला खेल पदाधिकारी को विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए प्रखण्ड-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता तथा जिला-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस बैठक में उप विकास आयुक्त, मनन राम, सिविल सर्जन डॉ कौशल किशोर, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा रंजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुभाष कुमार गुप्ता, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, शारीरिक शिक्षक एवं अन्य आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button