किशनगंज : वार्षिक खेल कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निर्देश
11 खेल प्रतियोगिता 27-29 अक्टूबर तक होगी आयोजित, विजेता टीम/खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग

किशनगंज, 17 अक्टूबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी, तुषार सिंगला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मंगलवार को वार्षिक खेल कार्यक्रम, 2023-24 के आयोजन हेतु जिला-स्तरीय आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई। रंजीत कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा के द्वारा बताया गया कि इसका आयोजन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वाधान में किया जा रहा है। इस वर्ष 32 खेल विधाओं की प्रतियोगिता का आयोजन जिला तथा अन्तर्जिला (राज्य-स्तर) पर किया जा रहा है। ये सभी खेल विधा भारतीय ओलम्पिक समिति, खेल मंत्रालय, भारत सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त भारतीय खेल संघों के द्वारा मान्यता प्राप्त खेलों में शामिल है। जिलांतर्गत अनिवार्य 10 खेल विधा के अतिरिक्त विभाग द्वारा आवंटित अतिरिक्त खेल ताईक्वांडो का आयोजन कराने का प्रस्ताव है। खेल विधाओं का नाम एथलेटिक्स, फुटबॉल (बालक), वॉलीबॉल (बालक), कबड्डी, बैडमिन्टन, कुश्ती, क्रिकेट (बालक), ताईक्वाण्डो, शतरंज, रग्बी एवं योगा। इसमें ताईक्वाण्डो को छोड़कर सभी अनिवार्य खेल विधा है। प्रत्येक विद्यालय की खेल प्रतियोगिता में सहभागिता अनिवार्य है। अन्यथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक दोषी होंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी/टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उक्त खेलों में अंडर 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका भाग ले सकते हैं। आयु की गणना दिनांक 31.12.2023 के आधार पर की जाएगी। छात्र एवं छात्रा वर्ग छः एवं इससे ऊपर में अध्ययनरत होना चाहिए। जन्म प्रमाण-पत्र के लिए नगर निगम/विद्यालय के प्राचार्य/आधार कार्ड में अंकित जन्म तिथि को मान्यता दी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों का चिकित्सीय जांच आवश्यक है। आयोजन समिति की बैठक में खेल मार्गदर्शिका के अनुरूप अधिकतम 11 खेल की प्रतियोगिता आयोजन करने हेतु जिला में संभावित/प्रचलित 16 खेल पर विमर्श किया गया। डीएम के द्वारा सभी खेल संघों के सहयोग की अपेक्षा की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयो की सहभागिता हेतु निर्देशित किया गया। आधिकाधिक निबंधन 20 अक्टूबर तक करवाने हेतु सभी विद्यालय प्राचार्य और शारीरिक शिक्षा शिक्षक के साथ बैठक करने का निर्देश हुआ। जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता के आयोजन हेतु 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर, 2023 तक की तिथि निर्धारित की गई। डीएम के द्वारा उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा को प्रतियोगिता का आयोजन की तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विद्यालय खेल की विधाए विभिन्न स्थल पर एक साथ आयोजित की जाएंगी। बैठक में उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा रंजीत कुमार ने बताया कि आवेदन आमंत्रित करने हेतु सभी सरकारी विद्यालयों/सीबीएसई एवं आईसीएसई से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को सूचित किया गया है ताकि खेल प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों की अनिवार्य प्रतिभागिता सुनिश्चित की जा सके। केन्द्रीय विद्यालय संगठन एवं नवोदय विद्यालय संगठन के छात्र-छात्रा विद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकेंगे। प्रतिभागियों को विहित प्रपत्र में योग्यता प्रमाण-पत्र विद्यालय प्रधानाध्यापक द्वारा अग्रसारण पत्र के साथ जिला खेल भवन/खेल कार्यालय में जमा करना होगा। जिला-स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम और खेल भवन-सह-व्यायामशाला में किया जाएगा। डीएम द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि विद्यालय से प्रतिभागियों की सूची प्राप्त कर निबंधन हेतु जिला खेल कार्यालय को ससमय उपलब्ध कराएंगे।
सदस्य सचिव आयोजन समिति को मेडल, पुरस्कार, प्रमाण-पत्र, प्रतियोगिता स्थल पर शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था के साथ ही जीवन रक्षक दवाओं सहित प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ पेन स्प्रे, आईस क्यूब, आईस बॉक्स आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला खेल पदाधिकारी को विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए जिला-स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस बैठक में सिविल सर्जन डा. कौशल किशोर, एसडीएम लतीफुर्रहमान, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा रंजीत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुभाष कुमार गुप्ता, बीडीओ, सीओ, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, खेल संघों के प्रतिनिधि एवं अन्य आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।