अररिया : रामनवमी चैती छठ पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित।

अररिया/अब्दुल कैय्यूम, रामनवमी/चैती छठ पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिलाधिकारी इनायत खान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, सभी अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष सहित सभी पूजा समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सभी लोग मिल-जुल कर त्योहारों को मनाते हैं।
आज से रमजान का पवित्र माह भी शुरू हो गया है। यहां सभी पर्व त्योहार आपसी भाईचारे प्रेम एवं सद्भाव के साथ मनाया जाता रहा है। इसमें शांति समिति/पूजा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने रामनवमी/चैती छठ पर्व भी शांतिपूर्ण और सद्भाव पूर्ण वातावरण में मनाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पूजा समिति के सदस्य एवं जिले के नागरिक शांति के लिए कटिबद्ध रहेंगे तो यह त्यौहार भी पूर्व की भांति शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर भी सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहेंगे, इसकी मॉनिटरिंग जिला नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।
जो भी इसमें लापरवाही बरतेंगे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। रामनवमी/चैती छठ पर किसी प्रकार की अनहोनी ना हो इसके लिए आवश्यकता अनुरूप दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बालों की प्रतिनियुक्ति की गई है। चैती छठ पर्व 25 मार्च को नहाय-खाय, 26 को खरना, 27 को संध्या में प्रथम अर्ध्य एवं 28 मार्च की सुबह में व्रतियों द्वारा अतिम अर्ध्य से सम्पन्न होगा। नवरात्र 22 मार्च से प्रारंभ है तथा 30 मार्च को दशमी तिथि को हवन के उपरांत नवरात्र सम्पन्न होगा। अनुमंडल स्तर पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष द्वारा शांति समिति की बैठक की जा रही है। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी जिला संयुक्त आदेश के तहत 139 स्थलों पर दण्डाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं बलों की प्रतिनियुक्त की गई है। 08 गश्ती दल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
वरीय उप समाहर्ताओं को विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों के लिए विशेष दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति की गयी है। जिला मुख्यालय अररिया, अनुमंडल मुख्यालय अररिया एवं अनुमंडल मुख्यालय फारबिसगंज में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06453-222309 पर, अररिया अनुमण्डल नियंत्रण कक्ष 06453-222070 पर, फारबिसराज अनुमण्डल नियंत्रण कक्ष 06455-222196 पर कार्यरत रहेगा। सदर अस्पताल, रेफरल अस्ताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर विशेष आकश्मिक दवाओं के साथ चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। अग्निशाम की दस्ता को दोनों अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों में तैनात रहने का निर्देश दिया गया है। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।