*बिहार के श्रद्धालुओं ने सोमनाथ धाम में किया प्रथम ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्षों की अटूट आस्था’ के अंतर्गत विशेष रेलगाड़ी से यात्रा कर गए 1100 श्रद्धालुओं ने बुधवार को प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के पावन दर्शन किया तथा विधि-विधान के साथ जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर अपने परिवार, बिहार राज्य तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
सोमनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव से दर्शन किए। ‘हर-हर महादेव’ एवं ‘जय सोमनाथ’ के जयघोष से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
बीते सोमवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से 1100 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन सोमनाथ के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित समन्वय व उत्तम प्रबंधन सुनिश्चित किया गया, जिससे सभी श्रद्धालुओं ने सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से अपनी तीर्थयात्रा संपन्न की। श्रद्धालुओं ने यात्रा के सफल संचालन एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए बिहार सरकार, केंद्र सरकार तथा संबंधित सभी विभागों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
सोमनाथ यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को न केवल भारत के प्रथम ज्योतिर्लिंग के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, बल्कि उन्हें देश की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से निकटता से जुड़ने का अवसर भी मिला।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव सिद्ध हो रही है। विभाग द्वारा यात्रा के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है।


