ताजा खबर

*चित्रगुप्त पूजन देता है – सत्य, न्याय और उत्तरदायित्व का संदेश*

जितेन्द्र कुमार सिन्हा,  ::भारतीय सनातन संस्कृति में पर्व-त्योहार केवल उत्सव मनाने अथवा धार्मिक अनुष्ठान करने के अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे जीवन को सही दिशा देने वाले गहरे आध्यात्मिक, सामाजिक और नैतिक संदेश भी छिपे हैं। हमारे धर्मग्रंथों में कर्म को मनुष्य के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार माना गया है। यम संहिता हो, पद्म पुराण हो अथवा श्रीमद्भगवद्गीता, सभी में कर्म की प्रधानता और उसके परिणाम की अनिवार्यता का प्रतिपादन मिलता है। मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके नाम, पद, प्रतिष्ठा, जाति अथवा परिचय से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से निर्धारित होती है। यही सनातन जीवन-दर्शन का शाश्वत सत्य है।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि इसी सत्य के साथ दो महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को जोड़ती है। एक ओर भगवान चित्रगुप्त का जन्मोत्सव और पूजन होता है, जिन्हें सृष्टि के समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला दिव्य देवता माना जाता है। दूसरी ओर यही तिथि भाई दूज अथवा भैया दूज के रूप में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह, सुरक्षा, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक बन जाती है। इन दोनों पर्वों का एक ही दिन पड़ना भारतीय संस्कृति की व्यापकता और जीवन के विविध मूल्यों को एक सूत्र में पिरोने की अद्भुत परंपरा का परिचायक है।

सनातन धर्म में भगवान चित्रगुप्त को धर्मराज यम के सहयोगी और समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले देवता के रूप में प्रतिष्ठित हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संसार में जन्म लेने वाला प्रत्येक जीव अपने कर्मों के माध्यम से अपने भविष्य का निर्माण करता है। उसके विचार, वाणी और व्यवहार से लेकर उसके द्वारा किए गए अच्छे-बुरे कार्यों तक का हिसाब ईश्वरीय व्यवस्था में सुरक्षित रहता है।

चित्रगुप्त शब्द स्वयं अपने भीतर गहरा अर्थ समेटे हुए है। ‘चित्र’ का अर्थ है विविध रूपों में अंकित और ‘गुप्त’ का अर्थ है गोपनीय अथवा सुरक्षित। इस प्रकार भगवान चित्रगुप्त को प्रत्येक जीव के गुप्त कर्मों का विवरण रखने वाला दिव्य स्वरूप माना जाता है। वे मनुष्य के उन कर्मों के भी साक्षी हैं, जिन्हें संसार की आंखें नहीं देख पाती।

धार्मिक ग्रंथों और कायस्थ समाज की प्रचलित धार्मिक परंपराओं के अनुसार, यम संहिता के अहिल्या-कामधेनु प्रसंग के नौवें अध्याय में भगवान चित्रगुप्त की उत्पत्ति का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि जब सृष्टि के विस्तार के साथ जीवों की संख्या और उनके कर्मों का लेखा-जोखा रखना कठिन होने लगा, तब ब्रह्मा ने यमराज को इस कार्य के लिए एक योग्य दिव्य सहायक की आवश्यकता बताई। इसके बाद उन्होंने अपनी काया से दिव्य स्वरूपधारी भगवान चित्रगुप्त को उत्पन्न किया और उन्हें समस्त जीवों के कर्मों का हिसाब रखने का दायित्व सौंपा।

यह धार्मिक आख्यान केवल एक देवता की उत्पत्ति की कथा नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सृष्टि के संचालन में न्याय, निष्पक्षता और कर्मफल के सिद्धांत को स्थापित किया गया है। 84 लाख योनियों में विचरण करने वाले जीवों के कर्मों का लेखा रखने की मान्यता इस बात का प्रतीक है कि ईश्वरीय व्यवस्था में कोई भी कर्म अनदेखा नहीं रहता है।

सनातन धर्म में 84 लाख योनियों की अवधारणा जीव के दीर्घ आध्यात्मिक सफर और पुनर्जन्म के सिद्धांत से जुड़ी हुई है। मान्यता है कि जीव अपने कर्मों के अनुसार विभिन्न योनियों में जन्म लेता है और अंततः मानव जीवन प्राप्त करना एक महत्वपूर्ण अवसर है।

मनुष्य जीवन की सबसे बड़ी विशेषता विवेक और कर्म करने की स्वतंत्रता है। पशु-पक्षी प्रकृति के सहज नियमों के अनुसार जीवन जीते हैं, लेकिन मनुष्य के पास सही और गलत में अंतर करने, अपने व्यवहार को बदलने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने की क्षमता है। इसलिए मानव जीवन को केवल भोग का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मोन्नति और सद्कर्म का अवसर माना गया है।

भगवान चित्रगुप्त की आराधना इसी जिम्मेदारी का स्मरण कराती है कि मनुष्य को अपने प्रत्येक कार्य के प्रति सजग रहना चाहिए। वह चाहे किसी पद पर हो, कितना भी धनवान हो अथवा समाज में कितनी ही प्रतिष्ठा रखता हो, उसके कर्मों का मूल्यांकन उसके आचरण से ही होगा।

कर्म के सिद्धांत को सबसे प्रभावशाली ढंग से श्रीमद्भगवद्गीता में समझाया गया है। महाभारत के युद्धक्षेत्र में जब अर्जुन अपने कर्तव्य को लेकर भ्रमित हो गए, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कर्मयोग का उपदेश दिया। गीता का प्रसिद्ध श्लोक है- “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन। मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥” अर्थात मनुष्य का अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फल पर नहीं। उसे कर्मफल का कारण स्वयं को नहीं मानना चाहिए और न ही कर्म न करने में आसक्ति रखनी चाहिए।

इस श्लोक का अर्थ यह नहीं है कि मनुष्य अपने कर्मों के परिणाम से मुक्त हो जाता है। इसका वास्तविक संदेश है कि मनुष्य को फल की अत्यधिक चिंता छोड़कर निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण ने कर्मयोग के माध्यम से जीवन में निष्काम भाव, कर्तव्यनिष्ठा और समत्व का महत्व समझाया। यही विचार भगवान चित्रगुप्त की आराधना के मूल संदेश से भी जुड़ता है। जहां गीता मनुष्य को श्रेष्ठ कर्म करने की प्रेरणा देती है, वहीं चित्रगुप्त की धार्मिक अवधारणा कर्मों के लेखा-जोखा और उनके परिणाम का स्मरण कराती है।

भारतीय धार्मिक साहित्य में कर्म और धर्म का संबंध अत्यंत व्यापक है। पद्म पुराण सहित अनेक पुराणों में दान, सेवा, सत्य, परोपकार, अहिंसा, संयम और सदाचार को मनुष्य के जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया गया है। सनातन दर्शन के अनुसार, मनुष्य के कर्म केवल उसके व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित नहीं करते, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी उनका प्रभाव पड़ता है। एक व्यक्ति का सत्यनिष्ठ व्यवहार समाज में विश्वास पैदा करता है, जबकि उसका अन्याय और छल सामाजिक व्यवस्था को कमजोर करता है। इसलिए कर्म का सिद्धांत केवल परलोक अथवा मृत्यु के बाद मिलने वाले फल तक सीमित नहीं है। इसका संबंध वर्तमान जीवन की गुणवत्ता और सामाजिक व्यवस्था से भी है। जो व्यक्ति ईमानदारी से अपने दायित्व निभाता है, दूसरों के अधिकारों का सम्मान करता है और जरूरतमंदों की सहायता करता है, वह अपने जीवन में ही कर्मफल का सकारात्मक अनुभव करता है।

भगवान चित्रगुप्त को सामान्यतः हाथों में कलम, दवात और लेखा-पुस्तिका धारण किए हुए दर्शाया जाता है। यह स्वरूप ज्ञान, विवेक, स्मरणशक्ति और लेखन-कौशल का प्रतीक है। कलम केवल लिखने का साधन नहीं है, बल्कि विचारों को अभिव्यक्त करने और सत्य को दर्ज करने का माध्यम भी है।

चित्रगुप्त की आराधना करने का वास्तविक आशय अपने जीवन के लेखे-जोखे पर विचार करना है। हमें स्वयं से प्रश्न करना चाहिए कि हमने अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का कितना निर्वहन किया है। क्या हमने किसी का अधिकार छीना? क्या हमने अपने पद और शक्ति का दुरुपयोग किया? क्या हमने किसी जरूरतमंद की सहायता की? क्या हमने अपने ज्ञान और सामर्थ्य का उपयोग समाज के हित में किया? ये प्रश्न किसी धार्मिक अनुष्ठान से कम महत्वपूर्ण नहीं हैं। वास्तव में यही आत्ममंथन भगवान चित्रगुप्त की पूजा का सबसे बड़ा आध्यात्मिक पक्ष है।

भगवान चित्रगुप्त विशेष रूप से कायस्थ समाज का आराध्य देव हैं। कायस्थ समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में चित्रगुप्त पूजा का विशेष स्थान है। मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त से ही लेखन, अभिलेख, गणना और प्रशासनिक कार्यों की प्रेरणा प्राप्त होती है।

कायस्थ समाज में कलम और दवात की पूजा की परंपरा इसी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। पूजा के अवसर पर लोग अपनी लेखनी, पुस्तकों, बही-खातों और कार्यक्षेत्र में उपयोग होने वाले उपकरणों का पूजन करते हैं। विद्यार्थी शिक्षा में सफलता, व्यवसायी व्यापार में उन्नति और कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी तथा प्रगति की कामना करते हैं।

इस परंपरा का संदेश केवल एक समुदाय तक सीमित नहीं है। आज के ज्ञान और तकनीक आधारित युग में लेखनी का स्वरूप बदलकर कंप्यूटर, मोबाइल, डिजिटल अभिलेख और आधुनिक सूचना प्रणालियों तक पहुंच गया है, लेकिन ज्ञान, सत्य और उत्तरदायित्व का महत्व आज भी उतना ही है।

भगवान चित्रगुप्त का स्मरण हमें बताता है कि किसी भी पेशे में सफलता का वास्तविक आधार ईमानदारी, दक्षता और नैतिकता है। प्रशासनिक अधिकारी हो, शिक्षक, पत्रकार, चिकित्सक, न्यायाधीश अथवा व्यापारी, सभी के लिए अपने कार्य के प्रति जवाबदेह होना आवश्यक है।

कार्तिक शुक्ल द्वितीया का दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष भाई दूज है। इसे भैया दूज, भ्रातृ द्वितीया और यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व भाई और बहन के बीच पवित्र स्नेह, विश्वास, अपनत्व और सुरक्षा के रिश्ते को समर्पित है।

दीपावली के दो दिन बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार भारतीय पारिवारिक परंपराओं में विशेष स्थान रखता है। इस दिन बहन अपने भाई को घर आमंत्रित करती है, उसके माथे पर तिलक लगाती है, आरती उतारती है और उसके सुखी, स्वस्थ तथा दीर्घायु जीवन की कामना करती है। भाई भी अपनी बहन को उपहार देकर उसके प्रति प्रेम, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प व्यक्त करता है।

यह पर्व रक्षाबंधन से कुछ अलग होते हुए भी उसी भावनात्मक परंपरा का विस्तार है। रक्षाबंधन में रक्षा-सूत्र बांधकर भाई-बहन के रिश्ते का संकल्प व्यक्त किया जाता है, जबकि भाई दूज में बहन के घर जाकर उसके हाथों से तिलक लगवाने की परंपरा विशेष महत्व रखती है।

भाई दूज के संबंध में एक प्रचलित पौराणिक कथा भगवान सूर्य के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना से जुड़ी है। कथा के अनुसार, यमुना अपने भाई यमराज से बहुत स्नेह करती थीं और उन्हें बार-बार अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं। लंबे समय तक व्यस्त रहने के कारण यमराज अपनी बहन के घर नहीं जा सके। अंततः कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन वे यमुना के घर पहुंचे। बहन ने उनका स्वागत किया, तिलक लगाया, आरती उतारी और प्रेमपूर्वक भोजन कराया।

यमुना के स्नेह और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उनसे वरदान मांगने को कहा। यमुना ने वरदान मांगा कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उसके हाथों से तिलक करवाए और स्नेह प्राप्त करे, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे तथा उसे सुख-समृद्धि प्राप्त हो। यमराज ने बहन की इच्छा स्वीकार कर ली। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यम द्वितीया अथवा भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित हुई, ऐसी लोकमान्यता है। इस कथा का मूल संदेश भाई-बहन के बीच प्रेम और पारिवारिक संबंधों की महत्ता को स्थापित करना है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि जीवन की भागदौड़ में रिश्तों के लिए समय निकालना भी उतना ही आवश्यक है जितना अपने कार्य और दायित्वों के लिए।

आज का समाज तेजी से बदल रहा है। परिवार छोटे हो रहे हैं, रोजगार और शिक्षा के कारण भाई-बहन अलग-अलग शहरों और देशों में रहने लगे हैं। व्यस्त जीवनशैली और डिजिटल माध्यमों ने आपसी संवाद के तरीकों को बदल दिया है। ऐसे समय में भाई दूज जैसे पर्व रिश्तों को जीवंत बनाए रखने का अवसर देते हैं। एक फोन कॉल, एक संदेश, बहन के घर जाना अथवा दूर रहने की स्थिति में वीडियो कॉल के माध्यम से तिलक की परंपरा निभाना भी रिश्तों की आत्मीयता को बनाए रख सकता है। हालांकि इस पर्व का महत्व केवल तिलक, मिठाई और उपहार तक सीमित नहीं होना चाहिए। भाई का दायित्व है कि वह अपनी बहन के सम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों का सदैव आदर करे। बहन भी भाई के सुख-दुख में सहभागी बने। दोनों एक-दूसरे के जीवन में सहयोग, विश्वास और आत्मीयता का आधार बने। रिश्तों की मजबूती किसी एक दिन के आयोजन से नहीं, बल्कि पूरे वर्ष निभाए जाने वाले व्यवहार से निर्धारित होती है।

इन दोनों पर्वों का एक ही तिथि पर मनाया जाना भारतीय संस्कृति के व्यापक जीवन-दर्शन को सामने लाता है। भगवान चित्रगुप्त की आराधना हमें अपने कर्मों के प्रति जवाबदेह बनाती है, जबकि भाई दूज हमें अपने संबंधों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार रहने की प्रेरणा देता है। एक ओर कर्मों की शुद्धता और न्याय का संदेश है, तो दूसरी ओर प्रेम, स्नेह और पारिवारिक एकता का भाव। एक व्यक्ति अपने कर्मों से समाज में सम्मान प्राप्त करता है और अपने संबंधों से जीवन में आत्मीयता तथा संतोष अर्जित करता है। यदि मनुष्य अपने कर्मों में ईमानदार हो, अपने व्यवहार में विनम्र हो और अपने रिश्तों में संवेदनशील हो, तो उसका जीवन अधिक सार्थक बन सकता है।

भगवान चित्रगुप्त का जन्मोत्सव केवल कायस्थ समाज का धार्मिक आयोजन भर नहीं है, बल्कि प्रत्येक मनुष्य के लिए आत्ममंथन का अवसर है। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि किसी के साथ अन्याय नहीं करेंगे, अपने अधिकारों के साथ दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान करेंगे, सत्य और ईमानदारी का मार्ग अपनाएंगे तथा अपने कर्तव्यों से कभी विमुख नहीं होंगे।

इसी प्रकार भाई दूज हमें यह प्रेरणा देता है कि परिवार के रिश्तों को केवल औपचारिकता न बनने दें। भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और सम्मान की भावना सदैव बनी रहे। अंततः जीवन का सत्य यही है कि मनुष्य संसार से अपने पद, प्रतिष्ठा और संपत्ति के साथ नहीं, बल्कि अपने कर्मों की छाप और अपने व्यवहार की स्मृतियों के माध्यम से याद किया जाता है। भगवान चित्रगुप्त की आराधना हमें कर्मों की पवित्रता का बोध कराती है और भाई दूज का पर्व रिश्तों की मधुरता का। कर्म ही मनुष्य का वास्तविक परिचय है और प्रेम ही रिश्तों की सबसे बड़ी पूंजी।
————

Related Articles

Back to top button