शहीद रामफल मंडल की स्मृति में केंद्र सरकार जारी करेगी डाक टिकट

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/केंद्र सरकार शहीद रामफल मंडल की स्मृति में डाक टिकट जारी करेगी | मई के अंतिम सप्ताह में केन्द्रीय संचार मंत्री बिहार में आयोजित समारोह में डाक टिकट का लोकार्पण करेंगे | राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को यह जानकारी दी | उनहोंने बताया कि पार्टी लंबे समय से प्रयास कर रही थी कि शहीद रामफल मंडल की स्मृति में डाक टिकट जारी हो, अब सारी औपचारिक्ताएं पूरी हो गई है और मई के अंतिम सप्ताह में डाक टिकट का लोकार्पण होगा | रामफल मंडल का जन्म 06 अगस्त 1924 ई० को सीतामढ़ी के बाजपट्टी में हुआ था | स्वतंत्रता आंदोलन में वे शामिल हुए और सिर्फ 19 साल की उम्र में 23 अगस्त, 1943 ई० को अंग्रेजों ने उन्हें फांसी दे दी थी |
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता फजल इमाम मल्लिक ने बताया कि 02 फरवरी 2026 को डाकतार विभाग के एडीजी (डाक टिकट) ने श्री कुशवाहा को पत्र लिखकर इस बात की जानकारी दी कि डाकतार विभाग ने आपकी कोशिशों को सराहा है और डाक टिकट जारी करने की मंजूरी प्रदान की है | श्री कुशवाहा के मुताविक कार्यक्रम को लेकर अंतिम रुपरेखा तैयार नहीं की गई है लेकिन आयोजन शहीद रामफल मंडल की जन्मस्थली सीतामढ़ी या फिर पटना में होगा |
मल्लिक ने बताया कि श्री कुशवाहा ने इसके लिए अपनी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा और बिहारवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार जताया है |
पार्टी प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि हम बिहार सरकार से माँग करते हैं कि सीतामढ़ी में बनने वाले प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का नाम शहीद रामफल मंडल के नाम पर रखा जाए | उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी की इस माँग को सुनेंगे और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का नाम शहीद रामफल मंडल के नाम पर रखा जाएगा |



