तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि को बर्खास्त करे केंद्र: भाकपा

कुणाल कुमार/पटना। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में राजभवन भाजपा कार्यालय के रूप में कार्य कर रहा है और संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है। खासकर जिस राज्य में विपक्षी पार्टियों की सरकार है, वहां के राज्यपाल संवैधानिक मर्यादाओं को तार तार कर रहे हैं। नये साल के सत्र की शुरुआत में तमिलनाडु विधानसभा में राज्यपाल द्वारा दिया जाने वाला पारंपरिक संबोधन साल दर साल एक अप्रिय घटना में तब्दील होता जा रहा है। लगातार तीसरे साल राज्यपाल आरएन रवि का विवाद खड़ा करने का शौक सामने आया है। वह भाषण पढ़े बिना ही विधानसभा से चले गए। यह संवैधानिक संस्थाओं का अपमान है। केंद्र सरकार तत्काल तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि को बर्खास्त करें।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी राज्यपाल आरएन ने विधानसभा सत्र को राजनीतिकरण करने का कार्य किया है।उनकी विवाद पैदा करने और सदन के पटल पर सरकार के नीति वक्तव्य को प्रस्तुत करने के अपने संवैधानिक कर्तव्य को पूरा करने से बचने की एक चाल के रूप में सामने आयी है। ऐसे व्यक्ति को राजभवन में बैठने का कोई औचित्य नहीं है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी संविधान का अपमान करने वाले तमिलनाडु के राज्यपाल को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग करती है।