बिहार दिवस–2026 के अवसर पर खाद्यान्न आपूर्ति प्रणाली में पारदर्शिता एवं जन-जागरूकता हेतु BSFC की पहल

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार दिवस–2026 के अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के अधीन बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (BSFC) द्वारा गांधी मैदान, पटना में एक सूचना एवं जन-जागरूकता स्टॉल स्थापित किया गया है, जो दिनांक 24 मार्च, 2026 तक आमजन हेतु खुला रहेगा।
उक्त स्टॉल के माध्यम से हजारों नागरिकों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जागरूक किया जा रहा है तथा बड़ी संख्या में आमजन इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हो रहे हैं।
इस स्टॉल के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे—प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY), प्रधानमंत्री पोषण योजना (PM POSHAN), कल्याणकारी संस्थाएं एवं छात्रावास योजना (WIHS), किशोरियों हेतु योजना (SAG) तथा व्हीट बेस्ड न्यूट्रिशन प्रोग्राम (WBNP) के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में BSFC की भूमिका को भी प्रदर्शित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं, आधार सीडिंग (e-KYC), धान एवं गेहूँ अधिप्राप्ति, शिकायत निवारण तंत्र तथा खाद्यान्न परिवहन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने से संबंधित विस्तृत जानकारी भी प्रदर्शित की जा रही है।
पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्यान्न परिवहन में प्रयुक्त वाहन ट्रैकिंग प्रणाली (VTS), जीपीएस आधारित निगरानी तथा आधुनिक भंडारण प्रणाली से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी आमजन को दी जा रही है।
किसान भाइयों एवं बहनों के लिए धान एवं गेहूँ अधिप्राप्ति प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ सहजता से प्राप्त कर सकें।
इसके अतिरिक्त, स्टॉल पर पोषणयुक्त फोर्टिफाइड चावल की विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है, जिसके माध्यम से आमजन को इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी आगंतुकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
स्टॉल का उद्घाटन निगम के प्रबंध निदेशक श्री सुनील कुमार द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर श्री मृत्युंजय कुमार (मुख्य महाप्रबंधक, अधिप्राप्ति), श्री शैलेन्द्र कुमार (महाप्रबंधक, वित्त), श्री राकेश रमण (महाप्रबंधक, जन वितरण), श्री ज्योति शंकर (उप महाप्रबंधक, जन वितरण) तथा श्रीमती रचना (कंपनी सचिव) सहित निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न सत्रों के माध्यम से श्री नीरज कुमार शर्मा (उप महाप्रबंधक—अंकेक्षण, प्रबंधक जनसंपर्क, सतर्कता पदाधिकारी एवं लोक सूचना पदाधिकारी) एवं श्रीमती नाज़ली हसनैन (उप महाप्रबंधक—लेखा एवं बजट) सहित निगम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा खाद्यान्न वितरण प्रणाली, पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आम नागरिकों को उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में निरंतर विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।
यह पहल राज्य में खाद्यान्न आपूर्ति प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (BSFC), खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार द्वारा सभी नागरिकों का उक्त स्टॉल पर हार्दिक स्वागत किया जाता है।



