किशनगंज : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी का बड़ा कदम, जिले में शुरू हुई ‘सुपर पेट्रोलिंग’
किशनगंज को चार जोन में बांटकर वरीय पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
किशनगंज,12फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने ‘सुपर पेट्रोलिंग’ व्यवस्था लागू की है। इसके तहत पूरे किशनगंज जिले को चार जोन में विभाजित किया गया है, जहां वरीय पुलिस पदाधिकारी सीधे गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
एसपी के निर्देशानुसार सुपर पेट्रोलिंग की यह विशेष व्यवस्था प्रतिदिन रात्रि 2:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर थानों की ओडी, गश्ती दल, गार्ड चेकिंग तथा ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) की जांच करेंगे। इसके अतिरिक्त डीएसपी एवं पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारी समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण भी करेंगे।
जोनवार थाना क्षेत्र एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी
जोन-1 में किशनगंज, बहादुरगंज, कोचाधामन एवं विशनपुर थाना क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इस जोन के लिए मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार को प्रभारी बनाया गया है। संपर्क मोबाइल नंबर 7739940421 जारी किया गया है।
जोन-2 में अर्राबाड़ी (छतरगाछ कैम्प), पहाड़कट्टा, पोठिया (चिचुआबाड़ी पिकेट), ठाकुरगंज, कुर्लीकोट एवं गलगलिया थाना क्षेत्र शामिल हैं। इस जोन में सार्जेंट अभिषेक कुमार की प्रतिनियुक्ति की गई है। मोबाइल नंबर 7549633093 जारी किया गया है।
जोन-3 में दिघलबैंक, गर्वनडंगा, जियापोखर, पौआखाली, सुखानी एवं पाठामारी थाना क्षेत्र शामिल किए गए हैं। यहां सार्जेंट दीपक कुमार को प्रभारी बनाया गया है। उनका मोबाइल नंबर 7979005637 है।
जोन-4 में बीबीगंज, कोढ़ोबाड़ी, टेढ़ागाछ, फतेहपुर एवं झाला पिकेट को शामिल किया गया है। इस जोन के प्रभारी परिचारी रत्नेश कुमार गिरी बनाए गए हैं। संपर्क मोबाइल नंबर 9708437400 जारी किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जोन प्रभारी पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति या समस्या में लोग सीधे संपर्क कर सकें।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुपर पेट्रोलिंग का गठन किया गया है। गश्ती व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



