अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहार

किशनगंज : स्मैक के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बस स्टैंड के पीछे अवैध ठिकाने जेसीबी से ध्वस्त

किशनगंज,25नवंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मादक पदार्थ स्मैक के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए किशनगंज पुलिस ने मंगलवार शाम बड़ी कार्रवाई की। एसपी सागर कुमार के निर्देश पर सदर थाना पुलिस टीम ने बस स्टैंड के पीछे स्थित स्मैक बेचने और पीने के अवैध ठिकानों को जेसीबी मशीन से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पहले उन ठिकानों को चिन्हित किया, जहां स्मैक का अवैध व्यापार और सेवन होता था। इसके बाद जेसीबी लगाकर सभी ठिकानों को जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ झोपड़ीनुमा ठिकानों में बिजली कनेक्शन भी लिया गया था। इस पर पुलिस ने विद्युत विभाग से जांच कर यह स्पष्ट करने की बात कही कि ऐसे स्थानों पर बिजली कनेक्शन किस परिस्थिति में उपलब्ध कराया गया।

पुलिस की यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार शहर में स्मैक के लगभग सभी सक्रिय ठिकानों की पहचान कर ली गई है और आने वाले दिनों में इन्हें एक-एक कर ध्वस्त किया जाएगा।

थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि शहर में स्मैक के सेवन और बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वहीं अब अवैध ठिकानों को खत्म करने की मुहिम तेज कर दी गई है ताकि इस अवैध धंधे को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

एक सप्ताह से लगातार अभियान जारी

सदर थाना पुलिस पिछले एक सप्ताह से स्मैक कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। इस दौरान तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। 17 नवंबर को एक महिला को 22 पुड़िया स्मैक के साथ पकड़ा गया था। वहीं 23 नवंबर को बस स्टैंड और रेलवे लाइन के पास की गई कार्रवाई में 22 पुड़िया स्मैक बरामद की गई थी और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था। दोनों महिलाएं बस स्टैंड रेलवे लाइन के समीप झोपड़ीनुमा घर में रह रही थीं।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशे का अवैध कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है, जबकि शहरवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!