*राजधानी वाटिका में भोजपुरी कलाकार निरहुआ ने लगाया पौधा, मंत्री डॉ. सुनील कुमार रहे मुख्य अतिथि*
– निरहुआ ने लगाया कपूर का पौधा
– राज्य भर में 2.8 लाख पौधे लगाने का है लक्ष्य
त्रिलोकी नाथ प्रसाद। सेवा पर्व (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के तहत पूरे बिहार में वृक्षारोपण अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को राजधानी पटना स्थित राजधानी वाटिका में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कपूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ. सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को समर्पित करते हुए पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाने की अपील की।
मंत्री ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण के संतुलन के लिए जरूरी हैं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि इस सेवा पर्व के दौरान पूरे राज्य में कुल 2.8 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
भोजपुरी कलाकार निरहुआ ने भी इस मौके पर लोगों से पर्यावरण के संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य विरासत है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
