किशनगंज : राष्ट्रीय युवा दिवस पर नशा मुक्ति व पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जिला विधिक सेवा प्राधिकार किशनगंज की पहल, छात्र–छात्राओं को किया गया जागरूक

किशनगंज,05जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज द्वारा सोमवार को सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल, किशनगंज में “ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन – फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया” योजना 2025 (डॉन) के अंतर्गत राष्ट्रीय युवा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज की पैनल अधिवक्ता संगीता मानव, औषधि निरीक्षक राज रंजन, सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रिंसिपल अजय करकट्टा, अधिकार मित्र राजेश कुमार शर्मा सहित शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र–छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देना तथा उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी प्रदान करना था। वक्ताओं ने युवाओं को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समाज में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज के पैनल अधिवक्ता जय किशन प्रसाद एवं सोनी कुमार द्वारा क्रमशः +2 इंटर उच्च विद्यालय, किशनगंज तथा बालिका उच्च विद्यालय, किशनगंज में “आज की रक्षा, कल की सुरक्षा” विषय पर पर्यावरणीय विधिक साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण पहल के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों में दोनों विद्यालयों के शिक्षकगण एवं छात्र–छात्राएं शामिल हुए।
“आज की रक्षा, कल की सुरक्षा” पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के महत्व, पर्यावरण से जुड़े कानूनों तथा नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने तथा पर्यावरणीय मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर युवाओं एवं आम नागरिकों को नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा।


