प्रमुख खबरें

ऋण शिविर से उद्यमिता को बढ़ावा, विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृति व वितरण पत्र बांटे गए

त्रिलोकी नाथ प्रसाद।जिला उद्योग केन्द्र, पटना द्वारा गुरुवार को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP-I एवं PMEGP-II), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य युवाओं, कारीगरों एवं लघु उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ना, बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाना तथा समयबद्ध ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करना था।

ऋण शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र एवं ऋण वितरण पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों ने अपने-अपने व्यवसायिक योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि वे किस प्रकार इन योजनाओं के माध्यम से अपने उद्यमों का विस्तार कर रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उद्योग केन्द्र, पटना के महाप्रबंधक श्री अंकित कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाएं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बैंकों से बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने पर बल दिया।

सहायक निदेशक उद्योग श्रीमती ज्योति कुमारी ने योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं परियोजना प्रबंधक श्री विवेक कुमार द्वारा सात निश्चय–3 के अंतर्गत “समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग एवं बाजार से जोड़ने की सुविधा प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम), पटना, श्री अमनदीप तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक भी उपस्थित रहे। जिला उद्योग केन्द्र, पटना ने भविष्य में भी इस प्रकार के ऋण शिविरों के आयोजन जारी रखने की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!