राज्य
केंद्रीय गृह मंत्रालय में रिक्त पड़े1.14 लाख पदों पर हो नियुक्ति…

त्रिलोकी नाथ प्रसाद-भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि प्रत्येक साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा कर केंद की सत्ता में आई भाजपा सरकार में लाखों पद रिक्त पड़े हुए हैं। सिर्फ केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन 1,14,225 पद खाली पड़े हैं। अन्य मंत्रालय का तो और हीं हाल बेहाल है। केंद्र सरकार रोजगार मेला आयोजित कर सिर्फ दिखावा कर रही है। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में रिक्त पड़े लाखों पदों पर जल्द से जल्द नियुक्ति की जाए।
भाकपा राज्य सचिव ने बयान जारी कर कहा कि गृह मंत्रालय के अधीन आने वाले सीमा सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल,असम राइफल्स और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल जैसे केंद्रीय सुरक्षा बलों तथा दिल्ली पुलिस जैसे विभागों में पद रिक्त हैं। केन्द्र सरकार प्रत्येक महीने रोजगार मेला लगाकर हजारों युवाओं को नौकरी देने का दिखावा करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि वर्ष 2023 में केंद्रीय सुरक्षा बलों में 31,879 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाली गई थी और मात्र 1126 पदों पर ही नियुक्ति हुई। केंद्र सरकार देश के युवाओं को धोखा दे रही है। प्रधानमंत्री को युवाओं की चिंता होती तो इतने बड़े पैमाने पर रिक्त पदों पर कब हीं नियुक्ति हो गई होती।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल देश की सुरक्षा को लेकर दिखावा कर रहे हैं। यदि उन्हे देश की सीमाओं की सुरक्षा की चिंता होती तो इतने बड़े पैमाने पर केंद्रीय सुरक्षा बलों के पद रिक्त नहीं रहते। क्योंकि देश की सीमा की सुरक्षा की जिम्मेवारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के कंधे पर है। प्रधानमंत्री को देश की सीमा और युवाओं की चिंता है तो जल्द से जल्द केंद्रीय सुरक्षा बलों के रिक्त 1.14 लाख पदों पर नियुक्ति करें।