किशनगंज : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख लाभार्थियों को 2,500 करोड़ की राशि हस्तांतरित
किशनगंज में तीन लाख चार हजार से अधिक महिलाओं के खाते में पहुंची सहायता राशि, स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

किशनगंज,16फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सोमवार को मेची सभागार, जिला परिषद किशनगंज में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यभर के 25 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,500 करोड़ रुपये की राशि अंतरण की।
किशनगंज जिले की महिलाएं भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग महिलाएं स्वरोजगार के साधन विकसित करने में करें। उन्होंने बताया कि जिले की जीविका दीदियां इस राशि से पशुपालन, सूक्ष्म उद्यम समेत विभिन्न कार्य प्रारंभ कर रही हैं। उद्यम की प्रगति के आकलन के उपरांत लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा तथा मुख्य नगर पार्षद इंद्रदेव पासवान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने जानकारी दी कि किशनगंज जिले में इस योजना के तहत लगभग तीन लाख चार हजार से अधिक लाभार्थियों के खातों में दस-दस हजार रुपये की राशि भेजी गई है।
योजना की सहायता से बहादुरगंज प्रखंड के गांगी पंचायत की कुलसुम बेगम ने चूड़ी व्यवसाय शुरू किया है, जिससे उन्हें नियमित आय होने लगी है। वहीं सदर प्रखंड के बेलवा पंचायत की लाडली बेगम ने चाट एवं चाउमीन की दुकान खोलकर स्वरोजगार की राह पकड़ी है।
जिले के सातों प्रखंड मुख्यालयों, संकुल संघों एवं ग्राम संगठनों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर, टेलीविजन और टैब के माध्यम से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जीविका दीदियों एवं अन्य महिलाओं ने भाग लिया।
महिलाओं के आर्थिक रूप से सशक्त होने से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि परिवार की आय में भी वृद्धि हो रही है, जिससे समग्र सामाजिक विकास को बल मिल रहा है।



