झारखण्डभ्रष्टाचारयोजनारणनीतिराज्यविचार

अभाविप ने परीक्षा कैलेंडर व केंद्र निर्धारण की उठाई मांग, एनपीयू के परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन

नवेंदु मिश्र

मेदिनीनगर – अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पलामू इकाई द्वारा नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजीत सेठ को एक मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से छात्रहित से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं की ओर विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। परीक्षा नियंत्रक को दिए ज्ञापन में परिषद ने वर्ष 2026 का परीक्षा कैलेंडर अविलंब जारी करने की मांग की, ताकि छात्रों को आगामी परीक्षाओं की स्पष्ट जानकारी समय रहते मिल सके और उनकी शैक्षणिक तैयारी प्रभावित न हो। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में लंबित सभी परीक्षाओं को शीघ्र संपन्न कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

विद्यार्थी परिषद ने विशेष रूप से बीएससी नर्सिंग सेमेस्टर-6 (सत्र 2022-26) एवं सेमेस्टर-4 (सत्र 2023-27) की परीक्षाओं को लेकर मांग की कि इनका परीक्षा केंद्र अंगीभूत महाविद्यालयों में ही निर्धारित किया जाए। परिषद ने अविराम नर्सिंग कॉलेज, चंदवा के विद्यार्थियों के लिए भी परीक्षा केंद्र लातेहार जिले के किसी अंगीभूत महाविद्यालय में ही बनाए जाने की मांग रखी।
इस अवसर पर एबीवीपी के राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ल ने कहा कि निजी महाविद्यालयों में परीक्षा आयोजित होने से छात्रों को अनावश्यक शुल्क, अव्यवस्था तथा पारदर्शिता की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अंगीभूत महाविद्यालयों में परीक्षा केंद्र होने से प्रशासनिक नियंत्रण बेहतर रहता है, जिससे छात्रों को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण प्राप्त होता है।
वहीं प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजीत सेठ ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में परीक्षा केंद्र निजी महाविद्यालयों में न बनाकर अंगीभूत महाविद्यालयों में ही निर्धारित किए जाने चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संयोजक रामाशंकर पासवान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उत्कर्ष तिवारी, नगर मंत्री किसलय दुबे सहित आशीष, अनुराग, राजन, कमलेश, सुरेश एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!