महिला मोर्चा की शांतिपूर्ण रैली पर पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा की गई बर्बरता लोकतंत्र पर हमला:आरती सिंह

भारती मिश्रा/रांची, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, झारखंड प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह ने महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार को सौंपा ज्ञापन।
ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 01 सितम्बर 2025 को महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस नेताओं की अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में निकाली गई शांतिपूर्ण रैली पर पुरुष पुलिसकर्मियों ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया।
श्रीमती आरती सिंह ने कहा कि रैली का उद्देश्य केवल कांग्रेस नेताओं द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं उनकी माताजी पर की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध करना था। लेकिन रांची स्थित कांग्रेस भवन तक पहुँचने से पहले ही महिला कार्यकर्ताओं पर पुरुष पुलिस बल द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिससे कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरती सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने आई महिलाओं को रोकने के लिए इस तरह का अमर्यादित व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने बताया कि मौके पर अनेक महिलाएं चोटिल हुईं, उन्हें चिकित्सीय सहायता भी लेनी पड़ी।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि महिला मोर्चा की यह रैली पूरी तरह से शांतिपूर्ण थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं की अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आवाज उठाना ही सरकार को नागवार गुज़रा और प्रशासन ने महिला शक्ति की आवाज को दबाने का प्रयास किया।
उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन देने वाले में बबीता झा, शुचिता सिंह, नीलम चौधरी, रंजिता सिंह, कुमुद झा, कंवलजीत कौर, नेहा सिंह, पायल सोनी शामिल थे।