किशनगंज : बहादुरगंज में 55 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
रजिस्ट्री ऑफिस के पास एएलटीएफ की कार्रवाई, मोटरसाइकिल और मोबाइल भी जब्त, एक आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

किशनगंज, 06 नवंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएलटीएफ की टीम ने गुरुवार की शाम बहादुरगंज रजिस्ट्री ऑफिस के पास छापेमारी कर 275 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन जैसा मादक पदार्थ) बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज के रहमतनगर निवासी लाडला अंसारी और अली हुसैन चौक निवासी शाहिद आलम के रूप में हुई है।
शुक्रवार को एसपी संतोष कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बहादुरगंज रजिस्ट्री ऑफिस के समीप सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों की विधिवत तलाशी ली तो उनके पास से कुल 275 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पहले भी एनडीपीएस एक्ट में दर्ज है मामला
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी लाडला अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी बहादुरगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
कार्रवाई में ये रहे शामिल

छापेमारी टीम में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, एएलटीएफ प्रभारी राजू कुमार, बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार, कृष्णा कुमार, अखिलेश कुमार, मोहम्मद रेहान अहमद तथा सिपाही प्रशांत राज और अमर शामिल थे।



