*माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीतने वाले बिहार के पैरा एथलीट शैलेश कुमार को किया सम्मानित*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास में एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले बिहार के जमुई निवासी पैरा एथलीट श्री शैलेश कुमार से मुलाकात की तथा उन्हें सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर खेल विभाग की माननीय मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, सचिव श्री दीपक आनंद एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) के महानिदेशक श्री रवींद्रन शंकरन भी उपस्थित थे। श्री शैलेश कुमार की माता जी भी इस अवसर पर मौजूद थीं।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में श्री शैलेश कुमार ने हाई जंप (T63 श्रेणी) में 1.89 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने नया एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड भी स्थापित किया। वहीं, लॉन्ग जंप (T42/T61/T63 श्रेणी) में 5.57 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने श्री शैलेश कुमार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बिहार की खेल प्रतिभा का गौरवशाली प्रतीक बताया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
वर्तमान में श्री शैलेश कुमार बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत नालंदा जिले में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) के पद पर कार्यरत हैं। इस योजना के अंतर्गत उनकी नियुक्ति जनवरी 2024 में हुई थी।
श्री शैलेश कुमार की यह उपलब्धि बिहार की खेल प्रतिभाओं की क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उनकी सफलता राज्य के युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।


