*बिहार म्यूजियम का वैश्विक सम्मान, बिहार के लिए गौरव का क्षण : डॉ. प्रेम कुमार*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जर्मनी की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘वर्थ अ जर्नी’ (Worth a Journey) की वर्ष 2026 की वैश्विक रैंकिंग में बिहार म्यूजियम (पटना) को दुनिया का नौवां और एशिया का नंबर-1 संग्रहालय घोषित किए जाने पर प्रसन्नता जताते हुए इस उपलब्धि के लिए समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने इस अभूतपूर्व उपलब्धि को राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि 3,700 से अधिक वैश्विक स्थलों के मूल्यांकन में शीर्ष स्थान पाना हमारी प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के प्रति नीतिगत प्रयासों का सुखद प्रतिफल है। आदिम युग से आधुनिक कालखंड तक के इतिहास, विशिष्ट स्थापत्य कला और ‘दीदारगंज यक्षी’ जैसी दुर्लभ कलाकृतियों को समेटे यह परिसर आज वैश्विक सांस्कृतिक चेतना का जीवंत केंद्र बन चुका है। बिहार म्यूजियम जैसी संस्थाएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों व मूल परंपराओं से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।

