ताजा खबर

*सड़क मरम्मति कार्य में लायें और तेजी : जिलाधिकारी*

*चिन्हित 1,257 स्थलों में से 1,055 स्थलों पर 687 किमी सड़क की मरम्मति कार्य पूर्ण*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती के लिए विशेष अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने सड़क मरम्मती कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को दीपावली से पूर्व सभी चिन्हित क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरम्मती कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती के लिए कुल 1,257 स्थलों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से 1,055 स्थलों पर मरम्मती कार्य पूरा कर लिया गया है। मरम्मत किए गए सड़क खंडों की कुल लंबाई 687 किलोमीटर से अधिक है।

*विभागवार मरम्मती कार्य की स्थिति*

समीक्षा के दौरान विभागवार प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्रामीण कार्य प्रमंडल पटना में चिह्नित 96 स्थलों में से 72, मसौढ़ी में 20 में से 16, दानापुर में 38 में से 26, पालीगंज में 73 में से 51 तथा बाढ़ में चिह्नित 166 स्थलों में से 85 स्थलों पर मरम्मती कार्य पूर्ण हो चुका है।

पथ निर्माण विभाग के पटना सिटी प्रमंडल अंतर्गत चिन्हित 187 स्थलों तथा दानापुर प्रमंडल में चिह्नित 129 स्थलों पर मरम्मती कार्य पूरा कर लिया गया है। न्यू कैपिटल प्रमंडल में चिह्नित 355 स्थलों में से 350 स्थलों पर मरम्मती कार्य पूर्ण हो चुका है।

इसी प्रकार, मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत चिह्नित 63 स्थलों में से 9 स्थलों पर तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत चिह्नित सभी 130 स्थलों पर मरम्मती कार्य पूरा कर लिया गया है।

*गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य*

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष स्थलों पर मरम्मती कार्य में तेजी लाते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा मरम्मत किए गए सड़क खंडों पर आवश्यकतानुसार उचित साइनबोर्ड एवं संकेतक लगाने का भी निर्देश दिया, ताकि वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा हो।

*आमजन के फीडबैक पर भी त्वरित कार्रवाई*

*जिले में सड़क मरम्मती अभियान के तहत विभागों द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अतिरिक्त आम नागरिकों से प्राप्त फीडबैक तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सीएम क्यूआरटी के माध्यम से सड़क मरम्मती से संबंधित प्राप्त तीन शिकायतों का भी ससमय निष्पादन करते हुए मरम्मती कार्य पूरा किया गया है।*

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति देने तथा दीपावली से पूर्व सड़कों की मरम्मती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button