प्रमुख खबरें

बिहार में समग्र शिक्षा अभियान के तहत आधारभूत संरचना कार्यों में आई तेजी, 1,600 से अधिक परियोजनाएं पूर्ण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर केंद्र प्रायोजित लंबित योजनाओं पर तेजी से हो रहे कार्य

क्लास रूम, शौचालय, प्रयोगशाला और पुस्तकालय निर्माण से राज्य के शैक्षणिक वातावरण में आया गुणात्मक बदलाव

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में आधारभूत ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं के विकास कार्यों ने उल्लेखनीय गति पकड़ी है। केंद्र प्रायोजित समग्र शिक्षा अभियान एवं पीएमश्री के तहत राज्य भर के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विभागीय अधिकारियों को लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन का आदेश जारी किया था, जिसके आलोक में बीते 5 अक्टूबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 के बीच जारी प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, राज्य भर में कुल 1,627 नई परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही पूर्ण हो चुकी कुल परियोजनाओं की संख्या 4,971 से बढ़कर अब 6,598 तक पहुंच गई है। राज्य में कुल स्वीकृत योजनाओं में से प्रगतिरत कार्यों की संख्या 5,116 से बढ़कर 6,801 हो गई है। इसके साथ ही अन्य रुकी हुई परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य आरंभ किया जा रहा है।

प्रमुख योजनाओं में हुई प्रगति की मुख्य बातें:
1. अतिरिक्त वर्ग कक्ष (ACR) निर्माण:
o वर्ष 2024-25 तक की स्पिलओवर सूची के अंतर्गत सर्वाधिक 733 नए अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण पूरा किया गया, जिससे पूर्ण कमरों की संख्या 913 से बढ़कर 1,646 हो गई है।
o उच्च माध्यमिक योजनाओं (Higher Secondary Schemes 2025-26) में 400 नए कक्षों पर कार्य शुरू हुआ है, जबकि प्रारंभिक योजनाओं के तहत 424 नए कमरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
2. शौचालय निर्माण एवं मरम्मत (बालक एवं बालिका):
o छात्र-छात्राओं की स्वच्छता सुविधा पर विशेष जोर देते हुए पुरानी योजनाओं के तहत 165 नए बालिका शौचालय और 122 बालक शौचालय पूर्ण किए गए।
o ‘पीएम श्री’ योजना के तहत 114 निष्क्रिय बालिका शौचालयों और 102 बालक शौचालयों की मरम्मत का कार्य सफलता पूर्वक पूरा कर लिया गया है।
3. लैब, लाइब्रेरी और कंप्यूटर रूम:
o विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के तहत 56 नए कंप्यूटर रूम, 43 लाइब्रेरी रूम, 39 साइंस लैब और 53 आर्ट एवं क्राफ्ट रूम का कार्य पूर्ण किया गया।
o पीएम श्री योजना के तहत 98 नए लैब रूम्स में निर्माण कार्य आरंभ कराया गया है।
4. सोलर पैनल और पर्यावरण अनुकूल पहल:
o ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देते हुए 95 नए विद्यालयों में सोलर पैनल लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे पूर्ण इकाइयों की संख्या 5 से बढ़कर 100 हो गई है।
5. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) एवं अन्य छात्रावास:
o केजीबीवी छात्रावास योजनाओं में 6 नए बालिका छात्रावास पूर्ण किए गए हैं। साथ ही, अन्य स्वीकृति परियोजनाओं पर कार्य तय समय-सीमा के तहत जारी है।

समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत पूर्ण हुए इन निर्माण कार्यों से राज्य के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में बैठने की जगह की कमी दूर होगी, विशेषकर छात्राओं के लिए अलग शौचालयों की व्यवस्था से नामांकन दर में वृद्धि और ड्रॉप आउट दर में कमी आएगी। वहीं प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष और पुस्तकालयों के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षा का सीधा लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button