ताजा खबर

*वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत बिहार की 1.64 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मिली स्वीकृति*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/नई दिल्ली, । सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री वी. उमाशंकर की अध्यक्षता में बिहार राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, बाईपास निर्माण एवं रेल ओवर ब्रिज (ROB) से संबंधित परियोजनाओं की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विकास से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा की गई।

उक्त महत्वपूर्ण बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल सहित MoRTH, NHAI तथा पथ निर्माण विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहें।

वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के अंतर्गत बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग, पथ निर्माण विभाग (RCD), बिहार तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग, पथ निर्माण विभाग, बिहार तथा NHAI की परियोजनाओं को मिलाकर कुल 2,424 किलोमीटर की परियोजनाओं को स्वीकति दी गई , जिनकी कुल अनुमानित लागत 1,64,518 करोड़ रुपये है।

*राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग एवं पथ निर्माण विभाग, बिहार की परियोजनाएँ*-

लराष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग एवं पथ निर्माण विभाग, बिहार के अंतर्गत कुल 18 परियोजनाओं को स्वीकति दी गई । इनकी कुल लंबाई लगभग 739 किलोमीटर तथा अनुमानित लागत 24,940 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं में NH-333A का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, दरभंगा–जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, बरियारपुर–बिशनपुर खंड, सीतामढ़ी–चिरौत खंड तथा विभिन्न बाईपास एवं चार लेन की सड़क परियोजनाएँ शामिल हैं।

प्रमुख बाईपास परियोजनाओं में जयनगर के उत्तर एवं दक्षिण बाईपास के साथ कमला नदी पर नए पुल का निर्माण, समस्तीपुर बाईपास, सिंघेश्वर एवं मधेपुरा बाईपास तथा डुमराँव बाईपास शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विक्रमशिला एप्रोच, मसरख–चकिया–भीठा मोड़, छपवा–बेतिया तथा नौबतपुर–अरवल–औरंगाबाद–हरिहरगंज खंड की चार लेन परियोजनाएँ भी कार्ययोजना का हिस्सा हैं। साथ ही रेल ओवर ब्रिज से संबंधित परियोजनाओं में NH-120 एवं NH-727 पर विभिन्न स्थानों पर ROB निर्माण के कार्य शामिल हैं।

*NHAI की परियोजनाएं*-

बैठक में NHAI की कुल 14 परियोजनाओं की स्वीकति मिली । परियोजनाओं की कुल लंबाई लगभग 1,685 किलोमीटर तथा कुल अनुमानित लागत 1,39,578 करोड़ रुपये है। NHAI की परियोजनाओं में गोरखपुर–किशनगंज–सिलीगुड़ी, रक्सौल–हल्दिया, बक्सर–भागलपुर, मुजफ्फरपुर–बरौनी, छपरा–रेवाघाट–मुजफ्फरपुर, पटना नॉर्दर्न रिंग रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएँ शामिल हैं।

*पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने बताया कि राज्य में परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है । इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से बिहार के आर्थिक विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी, औद्योगिक गलियारों का विस्तार होगा और आम जनता का सफर न केवल सुरक्षित बल्कि बेहद सुगम हो जाएगा। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन, माल परिवहन तथा प्रमुख शहरों और आर्थिक केंद्रों के बीच संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।*

Related Articles

Back to top button