किशनगंज : अवैध बालू खनन पर प्रशासन सख्त, पांच ट्रैक्टर जब्त
डीएम के निर्देश पर लगातार कार्रवाई, एक वाहन पर 1.04 लाख का जुर्माना

किशनगंज, 16 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध रूप से बालू खनन और परिवहन करते वाहनों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान संबंधित थानों में वाहनों को सुपुर्द किया गया है। एक ट्रैक्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर 1.04 लाख रुपये का दंड भी अधिरोपित किया गया है।
मंगलवार सुबह पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध रूप से बालू खनन करते एक बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ा गया। वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए 1.04 लाख रुपये का दंड लगाया गया।
वहीं, मंगलवार दोपहर चिचुआबाड़ी थाना क्षेत्र में भी अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदा एक डाला जब्त किया गया। जब्त वाहन पर नियमानुसार दंड की कार्रवाई की गई।
खनन विभाग की टीम ने बुधवार को अवैध खनन की सूचना पर पौआखाली और बिशनपुर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। बिशनपुर थाना क्षेत्र में धूस बालू काट रहे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। सभी वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए बिशनपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।
इसी क्रम में पौआखाली थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनन कर उसका परिवहन करते एक ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया। वाहन को पौआखाली थाना के हवाले किया गया है।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने कहा कि जिले में कहीं भी अवैध रूप से बालू का खनन या परिवहन करते वाहन पकड़े जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खनन विभाग द्वारा अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



