District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अवैध खनन पर शिकंजा, सितंबर में 39 छापेमारी

तीन गिरफ्तार, पांच प्राथमिकी दर्ज, नौ वाहन जब्त, 16.33 लाख रुपये का जुर्माना

किशनगंज। 14 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला खनन विभाग से संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सितंबर माह के दौरान खनन विभाग की कार्रवाई और राजस्व वसूली की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने विभागीय लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश देते हुए अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण वाले संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर पुलिस बल के सहयोग से लगातार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला खनन कार्यालय की ओर से बताया गया कि सितंबर 2026 में अब तक अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ 39 छापेमारी की गई है। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। अभियान में अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त नौ वाहनों को जब्त किया गया। संबंधित मामलों में कुल 16.33 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग के अनुसार इस अवधि में अब तक 576 छापेमारी की गई है। इसमें 36 प्राथमिकी दर्ज करते हुए 157 वाहनों को जब्त किया गया। इन मामलों में कुल 395.30 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में अब तक 410.36 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। समीक्षा बैठक में सहायक निदेशक, खान एवं भूतत्व सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने आगे भी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button