District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पूर्णियां : 24 घंटे में मवेशी व बाइक चोरी गैंग का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

पूर्णियां, 28 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के सरसी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मवेशी एवं मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को सरसी थाना की डायल-112 टीम को सूचना मिली कि अज्ञात अपराधियों ने एक भैंस और उसके बच्चे की चोरी कर ली है। पीड़ित की शिकायत पर सरसी थाना कांड संख्या 158/26 दिनांक 27 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बनमनखी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा कर चार आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महादेवपुर निवासी बिट्टू यादव उर्फ किशोर कुमार, बुढ़िया धनकट्टा निवासी राजा कुमार और केशव कुमार तथा अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के छतियौना निवासी मनोज साह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। राजा कुमार के विरुद्ध चंपानगर थाना में चोरी का मामला दर्ज है, जबकि मनोज साह पर वर्ष 2023 में रानीगंज थाना में डकैती का मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं बिट्टू यादव पर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम, सरसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार, प्रदीप कुमार, शिवेश कुमार झा, अजय कुमार, कांतेश्वर पांडेय तथा सरसी थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button