अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पति की मौत के तीन दिन बाद विधवा ने ससुराल पक्ष पर मारपीट व दुष्कर्म के प्रयास का लगाया आरोप

किशनगंज, 28 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के रोलबाग वार्ड संख्या 30 की रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर मारपीट, घर से बेदखल करने की कोशिश, अश्लील हरकत, दुष्कर्म के प्रयास तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए आदर्श थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

पीड़िता सुधा देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनके पति जंगली राम का निधन 24 जुलाई 2026 को हो गया था। पति की मौत के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उन्हें घर से निकालने का प्रयास कर रहे हैं। महिला का कहना है कि उसकी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी उसके साथ रहती है। पति की मृत्यु के बाद परिवार के भरण-पोषण के लिए वह दूसरे के घरों में चौका-बर्तन का काम करती है।

आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके देवर विक्रम राम, छोटू राम, गोतनी तारा देवी, सास पानो देवी तथा भतीजा कन्हैया राम आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। उसने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ आरोपितों की उस तथा उसकी बेटी पर गलत नजर रहती है और वे अश्लील बातें करते हैं। महिला के अनुसार आरोपित बिना अनुमति उसके घर में घुस जाते हैं और लगातार प्रताड़ित करते हैं।

पीड़िता ने आवेदन में कहा है कि 27 जुलाई को दिन के करीब 11 बजे सभी आरोपितों ने मिलकर उसके और उसकी बेटी के साथ मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसकी अस्मिता से खिलवाड़ करने का प्रयास किया गया तथा उसे नशीला पदार्थ खिलाने की कोशिश की गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।

महिला ने आदर्श थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button