किशनगंज : एएमयू, एमवीआर और रमजान नदी समेत कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री से मिले डॉ. जावेद

किशनगंज, 01 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने बुधवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार भेंट कर किशनगंज लोकसभा क्षेत्र एवं राज्य के विभिन्न जनहित और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री को शेरशावादी महिलाओं द्वारा तैयार किया गया खेता स्टोल भी भेंट किया।
मुलाकात के दौरान सांसद ने किशनगंज स्थित अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की 224 एकड़ भूमि पर नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (एनएमसीजी) द्वारा लगाई गई रोक हटाने के लिए राज्य सरकार से पहल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त समिति में बिहार सरकार की ओर से एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाने से निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो सकता है।
सांसद ने सुरजापुरी मुस्लिम समाज को बिहार की अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) सूची तथा केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल कराने के लिए राज्य सरकार से अनुशंसा करने की मांग भी दोहराई। इसके अलावा किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में रमजान नदी के सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा कर वर्ष 1902 के सर्वे अभिलेख के आधार पर दोनों किनारों की सरकारी मापी कराने, अतिक्रमण हटाने तथा नई कार्ययोजना तैयार करने की मांग की।
उन्होंने मारवाड़ी कॉलेज की दान की गई भूमि के कथित अवैध विक्रय की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कॉलेज की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। वहीं ठाकुरगंज निवासी मौलाना तौसीफ रजा मजहरी की मौत के मामले में दोषी के विरुद्ध स्पीड ट्रायल चलाने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा तथा उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
बैठक में सांसद ने राज्य में न्यूनतम बाजार मूल्य (एमवीआर) में हुई भारी वृद्धि पर भी चिंता जताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 1.6 गुना और शहरी क्षेत्रों में दो गुना बढ़ोतरी पर पुनर्विचार कर इसे केवल 10 प्रतिशत तक सीमित करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि मौजूदा वृद्धि से किसानों, निम्न एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। सांसद ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास, जनता के अधिकार और न्याय से जुड़े मुद्दों को लगातार सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।



