District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बिहार दिवस पर किशनगंज में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

किशनगंज,22मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार दिवस 2026 के अवसर पर शहीद अशफाकउल्लाह खां (खगड़ा) स्टेडियम में जिला प्रशासन, कला एवं संस्कृति विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विशाल राज रहे। उनके आगमन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य, लोकगीत, देशभक्ति गीत और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा, शिक्षा और सामाजिक समरसता का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति जैसे विषय प्रमुख रहे। अपने संबोधन में डीएम विशाल राज ने कहा कि बिहार ज्ञान, संस्कृति और संघर्ष की भूमि है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी डीएम ने निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उद्योग विभाग द्वारा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जबकि नगर परिषद की ओर से स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और आमजन उपस्थित रहे। दर्शकों ने तालियों की गूंज से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और संबंधित संस्थाओं की भूमिका सराहनीय रही।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!