
रांची// राजधानी रांची में मवेशियों के अवैध कारोबार के एक नेटवर्क का लोअर बाजार पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर 13 मवेशियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ कुरैशी उर्फ विक्की उम्र 30 वर्ष और शाहरुख मीर उम्र 33 वर्ष शामिल है। आसिफ कुरैशी उर्फ विक्की रांची के कुरैशी मोहल्ले का रहने वाला है। वहीं, शाहरुख मीर गुमला सिसई का निवासी है।
बरामद सामन…
पुलिस ने मौके से एक बोलेरो पिकअप, 13 मवेशी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि गुमला इलाके से मवेशियों की चोरी कर रांची लाया जाता था और कांटा टोली स्थित कुरैशी मोहल्ला में बेच दिया जाता था। यहां से इन मवेशियों का वध कर मांस का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है और जल्द ही इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
थानेदार ने किया पूरे मामले का खुलासा…
लोअर बाजार थानेदार रणविजय शर्मा ने मीडिया को बताया कि रविवार 15 मार्च को दिन के करीब 3.30 बजे लोअर बाजार थाना की गश्ती टीम को सूचना मिली कि एक बोलेरो पिकअप से मवेशियों को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानेदार रणविजय शर्मा ने बिना देर किये अपनी टीम को एक्टिव किया और घेराबंदी कर बोलेरो पिकअप को रोक लिया। तलाशी के दौरान वैन में 13 मवेशी लदे मिले। वही मौके पर मौजूद दो लोगों को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष कई खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे लोग गुमला के अलग-अलग इलाकों से मवेशियों की चोरी कर रांची के कांटा टोली कुरैशी मोहल्ला में ले जाकर बेच देते थे। पुलिस पूछताछ में इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आये हैं। माना जा रहा है कि यह एक संगठित नेटवर्क है, जो लंबे समय से गौवंशीय पशु की चोरी और अवैध व्यापार में लगा हुआ था। पुलिस अब उन सभी लोगों की तलाश में लग गई है, जिनका नाम आरोपियों ने लिया है।
थानेदार की एक्टिव छापामारी टीम…
इस छापामारी का नेतृत्व लोअर बाजार थानेदार इंस्पेक्टर रणविजय शर्मा के द्वारा किया गया। साथ में एसआई रवि कुमार वर्मा, थाना रिजर्व गार्ड और ड्राइवर भी टीम में शामिल थे। मामले को लेकर लोअर बाजार थाना में झारखण्ड गौवंशीय पशु हत्या प्रतिशेष अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किये गये दोनों अभियुक्तों को न्ययिक हिरासत में भेज दिया गया है।



