किशनगंज व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से दी गई सूचना से मचा हड़कंप

किशनगंज,11फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी भरा ईमेल प्राप्त होते ही पुलिस व जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। एहतियातन कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया।
धमकी देने वाले व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से दावा किया कि न्यायालय परिसर के जज चैंबर, वॉशरूम सहित अन्य स्थानों पर आरडीएक्स जैसे विस्फोटक लगाए गए हैं, जिन्हें रिमोट के जरिए उड़ाया जा सकता है। सूचना मिलते ही न्यायालय के दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया। कोर्ट आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है।
घटना के बाद अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों में दहशत का माहौल देखा गया। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती करते हुए पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड की मदद से कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली गई।
गौरतलब है कि इससे पूर्व 06 जनवरी 2026 को भी व्यवहार न्यायालय को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार दूसरी बार इस तरह की धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार दास ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग बार-बार इस तरह की धमकियों के जरिए कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने ऐसे असामाजिक तत्वों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
किशनगंज सीमावर्ती जिला होने के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। इस धमकी के मद्देनजर बिहार–बंगाल सीमा पर भी वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और जिलाधिकारी विशाल राज ने आम जनता से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता की जांच में जुटी हुई है।



