अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : कोचाधामन हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या करने वाला गिरफ्तार

किशनगंज,10फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में घटित युवती हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में हत्या की घटना को अंजाम देने वाले एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की गहन जांच से एक निर्दोष व्यक्ति को राहत मिली है, जबकि दोषी को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 को चौकीदार के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चुनामारी बाद टोला के पीछे बांस झाड़ के पास एक शव फेंका गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतका की पहचान तजल्ली प्रवीन (उम्र लगभग 24-25 वर्ष), थाना कोचाधामन, जिला किशनगंज के रूप में हुई।

मृतका के पिता मो. तसलीम के फर्दबयान के आधार पर कोचाधामन थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 05.02.2026, धारा 103 (1)/3 (5) बीएनएस के तहत एक नामजद अभियुक्त के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 गौतम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने लगातार आसूचना संकलन, तकनीकी साक्ष्य के विश्लेषण के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन किया। अनुसंधान के दौरान फैजान आलम (उम्र करीब 21 वर्ष), पिता मो. सादिक, निवासी चुनामारी सुकलरानी, थाना कोचाधामन को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पास से मृतका का विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त और मृतका के बीच प्रेम संबंध था। मृतका द्वारा विवाह का दबाव बनाए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद अभियुक्त ने हत्या की घटना को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतका का मोबाइल अपने पास रख लिया।

उल्लेखनीय है कि प्राथमिकी में नामजद अभियुक्त की संलिप्तता जांच में सही नहीं पाई गई, जिसके बाद उन्हें कांड से राहत दी गई। वहीं, तथ्यों के आधार पर वास्तविक अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कांड में पर्याप्त अभियोजन साक्ष्य उपलब्ध होने की बात कही गई है। शीघ्र आरोप पत्र समर्पित कर त्वरित विचारण के माध्यम से सजा दिलाने की दिशा में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। मामले का अनुसंधान जारी है।

बरामदगी :

  • मृतका तजल्ली प्रवीन का बिना सिम का विवो कंपनी का मोबाइल
  • अभियुक्त का सिम लगा विवो कंपनी का मोबाइल

छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 गौतम कुमार, कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह, पु.अ.नि. नुसरत प्रवीन, अरविंद कुमार शर्मा, गंगा प्रसाद गुप्ता, तकनीकी शाखा किशनगंज एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!