किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

भ्रष्टाचार के आरोप में कुर्लीकोट थाना के अवर निरीक्षक निलंबित, प्राथमिकी दर्ज

एसपी के निर्देश पर सख्त कार्रवाई, ऑडियो क्लिप से हुआ खुलासा

किशनगंज,10फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कुर्लीकोट थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे के विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई की गई है। आरोपी अवर निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि अवर निरीक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आलोक में मामले की जांच ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह से कराई गई। जांच के दौरान प्राप्त ऑडियो क्लिप से यह स्पष्ट हुआ कि कुर्लीकोट थाना क्षेत्र के झाला निवासी अरुण कुमार सिंह से भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में अवर निरीक्षक द्वारा निजी लाभ के लिए धन की मांग की गई थी।

जांच में ऑडियो की प्रमाणिकता एवं संबंधित मोबाइल नंबर के उपयोग की पुष्टि होने के बाद उक्त कृत्य को भ्रष्टाचार और कदाचार की श्रेणी में पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अवर निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर सोमवार को कुर्लीकोट थाना कांड संख्या 09/26 के तहत बीएनएस की धारा 308(2) एवं 308(3) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मामले का अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।

आम लोगों से एसपी की अपील

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी की अवैध सांठ-गांठ या रिश्वत मांगने की शिकायत हो, तो उसके प्रमाणिक साक्ष्य के साथ पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में रिश्वत न दें। यदि कोई पुलिसकर्मी रिश्वत की मांग करता है तो उसका ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग कर साक्ष्य सहित एसपी कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सके।

एसपी ने दोहराया कि किशनगंज पुलिस भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। गलत कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!