District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क

डीएम–एसपी ने की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की संयुक्त समीक्षा

किशनगंज,07फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राज्यपाल के किशनगंज आगमन एवं परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार की देर संध्या समाहरणालय स्थित सभागार में जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा प्रभारी पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यपाल का कार्यक्रम वीआईपी श्रेणी का है, ऐसे में प्रोटोकॉल के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में कार्केट मूवमेंट की व्यवस्था पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्केट मूवमेंट को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखा जाए तथा बाहरी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कार्केट मूवमेंट एवं क्रिटिकल प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जिले के होटल, हॉस्टल एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर रात्रि में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ रखने एवं क्यूआरटी (QRT) टीम को पूर्ण रूप से अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मी समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, एडीएम (आपदा प्रबंधन), जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई पदाधिकारी एवं कर्मी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!