ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार जी द्वारा रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का शुभारंभ

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/:पटना जिले के बेलछी प्रखंड स्थित प्रखंड सह अंचल परिसर में आज ग्रामीण विकास मंत्री माननीय श्री श्रवण कुमार जी द्वारा रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों युवक-युवतियों एवं जीविका दीदियों की उत्साहपूर्ण एवं गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस रोजगार मेले में कुल 18 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। रोजगार की तलाश में आए कुल 1,547 युवक-युवतियों ने आवेदन पत्र जमा किए, जिनमें से प्राथमिक स्तर पर 203 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। मेले में टाटा मोटर्स, टी सी आई इंस्टीट्यूट,ब्लिंकिट, पेटीएम, गार्डियन सिक्योरिटी, जेप्टो सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियाँ शामिल रहीं। कुछ योवाओं को 4 लाख 80 हजार तक का सालाना पैकेज प्राप्त हुआ है, जिसका नियुक्ति पत्र मननीय मंत्री जी के द्वारा दिया गया।
यह आयोजन स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री जी ने उपस्थित जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। जीविका के माध्यम से महिलाएँ आत्मनिर्भर बन रही हैं तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सशक्त भूमिका निभा रही हैं। माननीय मंत्री जी ने रोजगार मेले में शामिल सभी युवक-युवतियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार जी, प्रदेश अध्यक्ष – किसान प्रकोष्ट मनोज कुमार, प्रखंड स्तरीय अन्य जन प्रतिनिधि, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) श्री मुकेश कुमार सासमल, जॉब मैनेजर श्री अरुण कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री कुणाल कुमार एवं अन्य जीविका कर्मी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन सम्पन्न किया गया ।



