किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

डायल 112 की त्वरित सेवा से किशनगंज में 2025 में 12,957 आपातकालीन कॉलों पर मिली राहत

औसत रिस्पॉन्स टाइम 10 मिनट 12 सेकेंड, राज्य औसत से बेहतर प्रदर्शन

किशनगंज,03जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 ने वर्ष 2025 में उल्लेखनीय सक्रियता और प्रभावशीलता का परिचय दिया है। जिले में इस अवधि के दौरान कुल 12,957 आपातकालीन कॉल प्राप्त हुए, जिन पर पुलिस टीमों ने औसतन 10 मिनट 12 सेकेंड के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर सहायता प्रदान की।

प्राप्त कॉलों के विश्लेषण में सामने आया कि सामान्य विधि-व्यवस्था से जुड़े मामले सर्वाधिक रहे। इस श्रेणी में कुल 5,994 कॉल दर्ज किए गए। इसके अलावा घरेलू हिंसा के 926, भूमि एवं संपत्ति विवाद के 864, सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित 500 तथा आगजनी के 211 मामले दर्ज हुए। शेष 4,462 कॉल अन्य श्रेणियों में शामिल रहे, जिनमें विभिन्न प्रकार की शिकायतें और सहायता अनुरोध शामिल थे।

डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किशनगंज पुलिस द्वारा जिले में 30 चार पहिया इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) और 10 दो पहिया मोबाइल इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (MERV) तैनात किए गए हैं। ये सभी वाहन जीपीएस और आधुनिक संचार सुविधाओं से लैस हैं, जिससे कॉल प्राप्त होते ही निकटतम वाहन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के निर्देश पर इन वाहनों की तैनाती थाना स्तर पर की गई है, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता सुनिश्चित की जा सके।

गौरतलब है कि बिहार पुलिस की डायल 112 सेवा राज्य स्तर पर भी सराहनीय प्रदर्शन कर रही है, जहां औसत रिस्पॉन्स टाइम लगभग 12 मिनट है और राज्य देश में दूसरे स्थान पर है। ऐसे में किशनगंज का प्रदर्शन राज्य के औसत से भी बेहतर रहा है, जो जिले की पुलिस टीम की सतर्कता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।

डायल 112 सेवा से विशेष रूप से घरेलू हिंसा और संपत्ति विवाद जैसे मामलों में महिलाओं एवं आम नागरिकों को समय पर राहत मिली है, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!